Parliament: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी और विपक्ष पर विदेश नीति को लेकर पलटवार किया और उन्हें किताबें पढ़ने की सलाह दी। उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के समय की विदेश नीति को लेकर भी टिप्पणी की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया। इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर जमकर हमले किए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग विदेश नीति पर ऐसे ही बात कर देते हैं, ताकि वे परिपक्व दिखें, भले ही उन्हें इसके बारे में ज्यादा जानकारी न हो।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सुझाव दिया कि वह 'जेएफके फोर्गोटेन क्राइसिस: तिबत', 'द सीआईए एंड द सिनो-इंडियन वॉर' किताबों को पढ़ें। प्रधानमंत्री ने यह टिप्पणी तब की है, जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को लोकसभा में विदेश नीति पर बात की।
मोदी ने कहा, कुछ लोग विदेश नीति पर ऐसे ही बोल देते हैं, चाहे उन्हें इसके बारे में गहरी जानकारी न हो और चाहे इससे देश को कुछ भी नुकसान हो। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि (देश के पहले प्रधानमंत्री) जवाहर लाल नेहरू के समय विदेश नीति के नाम पर एक तरह का खेल हुआ था।