भाजपा के लेफ्टिनेंट जनरल डॉ डी पी वत्स ने फास्टैग से जुड़ा मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि टोल प्लाजा में कई वाहन ऐसे हैं जिनके पास फास्टैग हैं और उन्हें पथकर देने में दिक्कत नहीं होती। लेकिन कई वाहनों को अब तक फास्टैग नहीं मिल पाया है।
डॉ वत्स ने कहा कि फास्टैग न मिल पाने की वजह से वाहनों को नगद में पथकर का भुगतान करना होता है और टोल मैनेजर नियमों का हवाला देकर इसकी अनुमति नहीं देते। नतीजा वाहनों की लंबी कतार के रूप में सामने आता है। उन्होंने मांग की कि सरकार को थोड़ा लचीलापन अपनाना चाहिए, खास कर कार्यालय के समय पर।
दोपहर एक बजे लोकसभा की बैठक दोबारा शुरू होते ही दोनों पक्षों के हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा में शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान उस समय हंगामेदार स्थिति बन गयी जब स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एक प्रश्न का उत्तर देने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में गांधी के एक बयान की आलोचना शुरू कर दी । इस पर कांग्रेस के एक सदस्य हंगामा करते हुए सत्तापक्ष की अग्रिम पंक्ति तक पहुंच गये और विवाद बढ़ता देख लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की बैठक दोपहर एक बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
पश्चिम बंगाल के भाजपा सांसदों ने संसद परिसर में राज्य सरकार को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके हाथ में सेव डेमोक्रेसी इन वेस्ट बंगाल और स्टॉप रेप इन वेस्ट बंगाल के पोस्टर भी थे।
लोकसभा में आज दोपहर में स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन भारत में कोरोनावायरस की स्थिति को लेकर बयान देंगे।