भाजपा के दो सदस्य और एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर सहित चार लोगों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी का अभी पकड़ा जाना बाकी है। इन सभी को गुजरात पुलिस ने अहमदाबाद से कांस्टेबल की भर्ती परीक्षा के पेपर को लीक करने के आरोप में पकड़ा है।
आरोपी सब-इंस्पेक्टर पीवी पटेल, भजापा सदस्य मुकेश चौधरी और मनहार पटेल, निजी हॉस्टल मालिक रुपल शर्मा को आज सुबह शिकायत दर्ज होने के बाद गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि वडोदरा नगर निगम के कर्मचारी यशपाल सोलंकी का अभी पकड़ा जाना बाकी है। वह घटना का मुख्य आरोपी है।
भाजपा केंद्र और राज्य में शासन कर रही है। पार्टी ने मुकेश चौधरी और मनहार पटेल को निलंबित कर दिया है। वहीं डीजी दफ्तर में तैनात सब-इंस्पेक्टर को भी निलंबित कर दिया गया है। रविवार को यह परीक्षा होनी थी। मगर परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटों पहले ही इसे रद्द कर दिया गया क्योंकि प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर लीक हो गया था।
गुजरात के 2,440 केंद्रों पर दोपहर के तीन बजे 8.75 लाख परीक्षार्थियों को यह प्रवेश परीक्षा देनी थी। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने गृह मंत्रालय को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। हालांकि विपक्षी कांग्रेस पार्टी ने इस मामले पर एसआईटी का गठन करने की मांग की है जिसका नेतृत्व उच्च न्यायालय के न्यायधीश करेंगे। उसने आरोप लगाया है कि इस घटना के पीछे सत्ताधारी पार्टी के लोग हैं।