ग्रैमी अवॉर्ड से सम्मानित शास्त्रीय संगीत वादक पंडित विश्व मोहन भट्ट को उस्ताद चांद खान लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। दिल्ली घराना की सुरसागर सोसाइटी ने विश्व मोहन भट्ट को सम्मानित करने की घोषणा की है।
21 और 22 अक्तूबर को भारतीय शास्त्रीय संगीत समारोह का आयोजन होना है। इस समारोह में विश्व मोहन भट्ट को उस्ताद चांद खान लाइफटाइम अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। दिल्ली घराना के सुरसागर सोसाइटी के महासचिव इकबाल अहमद खान ने बताया कि सालाना कार्यक्रम में पंडित बिरजू महाराज भी शिरकत करेंगे। इतना ही नहीं, कार्यक्रम में पंडित विश्व मोहन भट्ट अपनी प्रस्तुति देंगे।
बता दें कि ‘ए मीटिंग बाई द रिवर’ के लिए ग्रैमी अवार्ड जीतने वाले पंडित विश्व मोहन भट्ट का जन्म 1950 में जयपुर में हुआ था। उन्हें मोहन वीणा का जनक माना जाता है। वह बेला फ्लैक और जेरी डगलस जैसे कई पश्चिमी कलाकारों के साथ जुगलबंदी कर चुके हैं।