राजस्थान की मशहूर लग्जरी ट्रेन 'पैलेस ऑन व्हील्स' अपने 45 साल के इतिहास में पहली बार मई महीने में पटरी पर दौड़ने जा रही है। अब तक यह ट्रेन केवल सितंबर से अप्रैल के बीच ही संचालित होती थी, लेकिन इस बार बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने इसे मई में चलाने का फैसला लिया है। 26 जनवरी 1982 को शुरू की गई यह ट्रेन देश की पहली लग्जरी हेरिटेज ट्रेन मानी जाती है। दुनिया की प्रमुख शाही लग्जरी ट्रेनों में इसकी गिनती होती है। यह ट्रेन राजस्थान पर्यटन विकास निगम और भारतीय रेलवे की संयुक्त पहल द्वारा चलाई जाती है।
यह लग्जरी ट्रेन हर साल सितंबर से अप्रैल के बीच ही चलाई जाती रही है। मई और जून की भीषण गर्मी को देखते हुए इन महीनों में इसका संचालन बंद रखा जाता था। हालांकि इस बार ट्रेन को लेकर जबरदस्त डिमांड देखने को मिली है। यही कारण है कि 45 साल में पहली बार इसे मई महीने में चलाने का फैसला लिया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, राजस्थान में मई का महीना आसान नहीं होता। यहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच जाता है। इस दौरान पर्यटकों की संख्या भी साल में सबसे कम रहती है।
क्यों बदला गया शेड्यूल?
यही वजह है कि ज्यादातर टूर ऑपरेटर सितंबर तक इंतजार करते हैं और फिर सेवाएं दोबारा शुरू करते हैं। लेकिन इस बार ट्रेन की जबरदस्त मांग सामने आई है, इसलिए इसे चलाने का फैसला लिया गया है। देश के एक बड़े सरकारी बैंक ने खास यात्रा के लिए पूरी लग्जरी ट्रेन की बुकिंग की है। पैलेस ऑन व्हील्स की यह विशेष यात्रा 20 मई से 25 मई तक संचालित होगी। यह लग्जरी ट्रेन दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होकर करीब 2,610 किलोमीटर का सफर तय करेगी।
यात्रा के दौरान ट्रेन दुर्गापुरा, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, जैसलमेर, बीकानेर समेत राजस्थान के कई ऐतिहासिक शहरों से होकर गुजरेगी। छह दिन की इस यात्रा में यात्रियों को राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, भव्य किलों, ऐतिहासिक महलों और रेगिस्तान की खूबसूरती का शानदार अनुभव मिलेगा।नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे की अधिसूचना संख्या NWR/CHG/10/2026 के अनुसार, पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन संख्या 00290 के रूप में संचालित होगी। रेलवे इस शाही ट्रेन को 'भारत गौरव ट्रेन पॉलिसी' के तहत चला रहा है।
ट्रेन की क्या खासियतें?
इस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे। इनमें छह WPCT-1 सैलून कोच, सात WPCT-2 सैलून कोच, एक सुपर डीलक्स सैलून कोच, दो रेस्टोरेंट-कम-बार कोच के अलावा किचन, स्टाफ, सर्विस और स्पा कार भी शामिल होंगी। इस ट्रेन के 14 खास कोच राजस्थान की पूर्व रियासतों के नाम पर रखे गए हैं। इनमें अलवर, भरतपुर, बीकानेर, बूंदी, धौलपुर, दुर्गापुर, जैसलमेर, जयपुर, झालावाड़, जोधपुर, किशनगढ़, कोटा, सिरोही और उदयपुर शामिल हैं। यात्रियों को इस ट्रेन में पारंपरिक राजस्थानी खाने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय व्यंजन भी परोसे जाते हैं। हर कोच में शाही इंटीरियर, आरामदायक बेड और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यही कारण है कि ‘पैलेस ऑन व्हील्स’ को दुनिया की सबसे शानदार लग्जरी ट्रेनों में शामिल किया जाता है।
अन्य वीडियो