पाकिस्तान परस्त आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने फरवरी में कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हमला किया था। इस आतंकी हमले के 13 दिन बाद भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में घुसकर आतंकी ठिकानों पर बम बरसाए थे। इसके जवाब में पाकिस्तानी वायुसेना ने एफ-16 विमान भेजकर भारत पर हमले की नाकाम कोशिश की थी।
भारतीय वायुसेना के कमांडर अभिनंदन ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मिग-21 लड़ाकू विमान से पाकिस्तान के एफ-16 जेट को मार गिराया था। भारत ने पाकिस्तान की ओर से एफ-16 लड़ाकू विमान का इस्तेमाल करने पर अमेरिका से शिकायत की थी। उस वक्त अमेरिका की तरफ से पाकिस्तान से कोई जवाब नहीं मांगा गया। हालांकि, बाद में अमेरिका ने पाकिस्तान को जमकर फटकार लगाई थी।
अमेरिका को बिना बताए नहीं कर सकता एफ-16 का इस्तेमाल
अमेरिका ने पाकिस्तान को एफ-16 लड़ाकू विमान तय समझौते के तहत दिए हैं। इस समझौते के तहत पाकिस्तान की सरकार को बिना अमेरिका को जानकारी दिए लड़ाकू विमान का इस्तेमाल करने पर रोक है। साथ ही पाकिस्तान को एफ-16 लड़ाकू विमान के ठिकाने बदलने की जानकारी भी अमेरिका को देनी होती है। बता दें कि एफ-16 का इस्तेमाल किसी देश के खिलाफ युद्ध भड़काने के लिए सीधी कार्रवाई में भी नहीं किया जा सकता।