पठानकोट आतंकी हमले की जांच के लिए पाकिस्तान में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) 27 मार्च को भारत पहुंच जाएगा। सरकार ने फैसला किया है कि पाक एसआईटी को पठानकोट एयरबेस के भीतर आतंकियों के हमले और सुरक्षा बलों के ऑपरेशन की जगहों तक जाने की इजाजत दी जाएगी। अब तक रक्षा मंत्रालय की तरफ से एयरबेस के भीतर पाक टीम को जाने के सवाल पर आपत्ति जताई जा रही थी।
नेपाल के पोखरा में सार्क देशों के विदेश मंत्रियों के सम्मेलन के दौरान विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और पाकिस्तानी पीएम के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज के बीच बृहस्पतिवार को हुई बातचीत के बाद जारी संयुक्त बयान में इस तारीख का एलान किया गया । पाकिस्तानी एसआईटी 27 मार्च को यहां पहुंचेगी और 28 मार्च से अपना काम शुरू कर देगी। विदेश मंत्रालय के मुताबिक अजीज ने सुषमा के हाथों नवंबर में पाकिस्तान में होने वाले सार्क सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को औपचारिक आमंत्रण दिया।
संयुक्त बयान में अजीज ने कहा कि भारत पाक के बीच होने वाली बातचीत के लिए दोनों पक्ष गंभीर है। पठानकोट हमले की वजह से इस प्रक्रिया में रुकावट आ गई थी। अजीज ने उम्मीद जताई है कि दोनों तरफ से इस हमले की जांच में सकारात्मक प्रगति है। उम्मीद है कि अब बातचीत का रास्ता और सुगम होगा। अजीज ने कहा कि 31 मार्च को न्यूयॉर्क में होने वाले परमाणु सुरक्षा सम्मेलन (एनएसएस) में दोनों देशों के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और नरेंद्र मोदी की मुलाकात होगी। 2 जनवरी को पंजाब के पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमले के बाद सुषमा और अजीज की यह पहली मुलाकात है।
न्यूयॉर्क में मिलेंगे मोदी-शरीफ
अजीज ने बताया कि 31 मार्च को न्यूयॉर्क में होने वाले परमाणु सुरक्षा सम्मेलन (एनएसएस) में दोनों देशों के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और नरेंद्र मोदी की मुलाकात होगी। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच बातचीत का कोई एजेंडा तो तय नहीं है लेकिन दोनों आपस में मिल सकते हैं।
हर जगह जाएगी पाक एसआईटी
गृह राज्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि पाक एसआईटी को पठानकोट हमले से संबंधित सभी जगहों पर जाने की इजाजत दी जाएगी। रिजिजू के मुताबिक टीम के सदस्यों की संख्या और अन्य ब्योरा मिलने के बाद उनके वीजा की औपचारिकता भी जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। गृह मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक अगर एसआईटी को घटना की जगह पर जाने नहीं दिया गया तो उनकी रिपोर्ट का पाक अदालत में कोई मतलब नहीं रहेगा।
अजीज ने मोदी को दिया सार्क सम्मेलन का निमंत्रण
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने सार्क सम्मेलन में शामिल होने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी को औपचारिक निमंत्रण दिया। उन्होंने सुषमा स्वराज के जरिये मोदी को पाकिस्तान आने का न्योता दिया। सार्क सम्मेलन 9 और 10 नवंबर को पाकिस्तान में होगा।