कंगना की केस स्थानांतरित करने की अर्जी सत्र अदालत में खारिज
अभिनेत्री कंगना रणौत को सत्र अदालत से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने अभिनेत्री की निचली अदालत के फैसले को चुनौती देते हुए गीतकार जावेद अख्तर की ओर से दायर मानहानि केस को स्थानांतरित करने की अर्जी को खारिज कर दिया। अभिनेत्री की ओर से उनके खिलाफ अंधेरी मजिस्ट्रेट कोर्ट में दायर मानहानि केस को स्थानांतरित करने की याचिका अक्तूबर में मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट (सीएमएम) की अदालत ने रद्द कर दी थी।
चेल्लाकुमार पश्चिम बंगाल के कांग्रेस प्रभारी नियुक्त
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को लोकसभा सदस्य ए. चेल्लाकुमार को पश्चिम बंगाल और अंडमान निकोबार द्वीपसमूह के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) का प्रभारी नियुक्त किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद जून में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गये थे, जिसके बाद बंगाल के पार्टी प्रभारी का पद खाली हो गया था।
झारखंड में दो गुटों के बीच झड़प में 5 पुलिसकर्मी समेत 12 लोग घायल
झारखंड के हजारीबाग में दो गुटों के बीच पथराव में पांच पुलिसकर्मी समेत 12 लोग घायल हो गए। बरही सब डिवीजन के पुलिस अधिकारी नजीर अख्तर ने कहा कि चौपारन थाना इलाके में दो रिश्तेदारों के बीच रास्ते में कूड़ा का ढेर लगाने को लेकर झगड़ा हुआ था। बाद में दोनों ओर से जुटे लोगों ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया।
हंगामा बढ़ने पर एसडीपीओ के नेतृत्व में इलाके में भारी पुलिस बल ने पहुंचकर स्थिति को काबू में किया। दोनों रिश्तेदारों को पकड़ कर चौपारन थाने लाया गया जहां दोनों एक-दूसरे पर केस दर्ज कराया। घायलों का चौपारन के सरकारी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। फिलहाल घटना की जांच जारी है।
पाक में सुनामी के उच्च स्तरीय खतरे की आशंका : विशेषज्ञ
पाकिस्तान में बलोचिस्तान के तट से महज 50 किलोमीटर दूर स्थित एक ट्रिपल प्लेट जंक्शन क्षेत्र को में उच्च स्तरीय सुनामी के खतरे की आशंका जताई गई है। यह चेतावनी कराची शहर में आयोजित एक कार्यशाला में विशेषज्ञों ने दी। डॉन अखबार ने बताया कि सुनामी जैसे खतरों के लिए प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली पर जागरूकता कार्यक्रम में मकरान जोन के अरब सागर और हिंद महासागर में भविष्य में सुनामी पैदा होने की आशंका जताई गई। बताया गया कि 1945 में सुनामी के चलते पाकिस्तान के तट और भारत, ईरान तथा ओमान जैसे पड़ोसी देशों में करीब 4,000 से ज्यादा लोग मारे गए थे। पाक मौसम विभाग के तारिक इब्राहिम ने कहा, हम बेहद ही सक्रिय क्षेत्र में हैं जो भारतीय, यूरेशियान और अरब प्लेट सीमाओं के ट्रिपल प्लेट जंक्शन पर हैं।
टेस्ला ने सुरक्षा खामी के चलते वापस बुलाईं करीब पांच लाख इलेक्ट्रिक कारें
अमेरिकी सड़क सुरक्षा नियामक ने बताया कि टेस्ला कंपनी ने अपने मॉडल 3 और एस मॉडल की 4.75 लाख इलेक्ट्रिक कारों को वापस बुलाया है। इन कारों में रियरव्यू कैमरा और ट्रंक मुद्दों की दिक्कतों के चलते यह कदम उठाया गया है। दोनों ही दिक्कतों के कारण वाहनों के क्रैश होने की आशंका बढ़ जाती है। रिकॉल की गई कारें 2014 और 2021 के बीच बनीं दोनों मॉडल की हैं।
टेस्ला कंपनी ने 2017 से 2021 तक के मॉडल 3 की कारों की 3,56,309 कार यूनिट में रियर व्यू कैमरा की दिक्कत के कारण वापस बुलाया जबकि मॉडल एस की 1,19,009 यूनिटों में फ्रंट हूड की समस्या के कारण वापस बुलाया है। इसकी जानकारी संघीय रेगुलेटर ने दी है।