केरल के कोझीकोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर पाकिस्तानी मीडिया ने भी बेहद पैनी नजर रखी। मोदी का भाषण खत्म होने के कुछ घंटे के अंदर ही पाक मीडिया में इस पर जबरदस्त प्रतिक्रिया दी गई। पाक के अखबारों और चैनलों ने कहा कि मोदी ने उड़ी आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान को दुनिया में अलग-थलग करने की धमकी दी है। साथ ही उन्होंने गरीबी, बेरोजगारी और विकास की लड़ाई को जीतने की चुनौती भी दी है।
द न्यूज, द डॉन, जियो टीवी जैसे मीडिया अखबारों और चैनलों ने मोदी के भाषण पर प्रतिक्रिया दी। पाकिस्तानी चैनल जियो न्यूज ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'शनिवार को दिए गए भाषण में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को पूरी दुनिया से अलग-थलग कर देने की धमकी दी है।'
पाकिस्तानी अखबार 'द न्यूज' ने भी पीएम मोदी के भाषण को धमकी भरा बताया है। द न्यूज ने लिखा, “उरी अटैक के बाद पहली जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय पीएम ने पाकिस्तान को पूरी दुनिया में अलग-थलग कर देने की धमकी दी है।” इसी के साथ ही द न्यूज ने भारतीय मीडिया के हवाले से लिखा है कि भारत पाकिस्तान से हजार साल लंबी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है।
पाकिस्तान के दुनिया न्यूज टीवी चैनल ने भी भारतीय प्रधानमंत्री के भाषण को धमकी भरा बताया है। दुनिया न्यूज ने लिखा है कि उरी अटैक से बौखलाए पीएम मोदी अपना आपा खो बैठे और उन्होंने पाकिस्तान को वैश्विक स्तर पर अलग-थलग करने की धमकी दी।