पाकिस्तान ने बालाकोट हवाई हमले से हुए नुकसान को मानने से इनकार कर दिया है। ये हवाई हमला भारतीय वायुसेना ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के बालाकोट में स्थित ठिकाने पर 26 फरवरी को किया था। ये बात भारतीय वायुसेना प्रमुख बीएस धनोआ ने शुक्रवार को कही है। उन्होंने कहा कि सबूत आंखों के सामने हैं, लेकिन देखना नहीं चाहते।
उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि भारतीय लड़ाकू विमानों ने अपने लक्ष्यों पर सटीक निशाना साधा था। धनोआ से जब ये सवाल पूछा गया कि पाकिस्तान ने भारतीय वायुसेना की कार्रवाई को लेकर कहा था कि इससे कोई नुकसान नहीं हुआ। तो इसपर धनोआ ने अमेरिकी गायक बॉब डायलन के 1963 में आए एल्बम का संदर्भ देते हुए कहा, 'यह आपके सामने है (पाकिस्तान), लेकिन आप उसे देखना नहीं चाहते.... मैं केवल डायलन की याद दिला सकता हूं।'