इंग्लैंड में खेले जा रहे क्रिकेट विश्व कप 2019 में 16 जून को भारत ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी थी। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को लेकर तरह तरह की मीम्स और तस्वीरें सामने आ रही हैं। इनमें से एक तस्वीर में कुछ पाकिस्तानी लोग हरे रंग का एक बड़ा सा पोस्टर पकड़े हुए नजर आ रहे हैं, जिसपर लिखा है-
"हमें कश्मीर नहीं चाहिए, विराट कोहली दे दो"
अमर उजाला ने इस तस्वीर की पड़ताल की तो पता चला कि पाकिस्तानियों ने ऐसी मांग के साथ किसी तरह का प्रदर्शन नहीं किया है। जो तस्वीर शेयर की जा रही है, उसके साथ छेड़-छाड़ कर के यह झूठा नारा लिख दिया गया है। असल में यह तस्वीर 2016 की है, जब हिजबुल कमांडर बुरहान वानी की मौत के बाद घाटी में अशांति फैली हुई थी, और वहां के लोग कश्मीर को भारत से अलग करने की मांग कर रहे थे। इस दौरान भारी संख्या में कश्मीरी युवा पाकिस्तानी झंडे और आजादी के बैनरों के साथ श्रीनगर-अनंतनाग हाईवे पर उतर आए थे।
उसी समय ली गई इस तस्वीर में कुछ लोगों ने हरे रंग का बैनर पकड़ा हुआ था। बैनर पर अंग्रेजी में लिखा था, 'हमें चाहिए आजादी'। अब इसी तीन साल पुरानी फोटो को छेड़-छाड़ कर विराट कोहली की मांग का फर्जी नारा लगा दिया गया है, जिसे लोग सच मान कर शेयर कर रहे हैं।
नीचे देखिए असली तस्वीर-
इस तस्वीर को पहली बार इस तरह से शेयर नहीं किया जा रहा है, बल्कि इससे पहले भी कई बार पाकिस्तान का मजाक उड़ाने की नीयत से इसी तस्वीर को फोटोशॉप कर के शेयर किया जा चुका है। नीचे देखिए इसी मामले से संबंधित कुछ और तस्वीरें, जब असली फोटो के साथ छेड़-छाड़ कर लोगों को झूठ परोसा गया है।
आपके लिए
अगर आपको भी सोशल मीडिया में वायरल हो रही किसी खबर पर संदेह है, तो कमेंट बॉक्स में लिखें। अमर उजाला , खबर की पड़ताल करेगा और सच्चाई आपके सामने होगी।