भारतीय वायु सेना के हमले के बाद बौखलाए पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसने भारत के दो विमानों को मार गिराया है। पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने ट्वीट करके लिखा
"पाकिस्तानी वायु सेना के हमले के जवाब में भारतीय वायु सेना ने नियंत्रण रेका को पार किया। पाकिस्तानी वायु सेना ने पाकिस्तान की वायु सीमा में घुसे दो भारतीय विमानों को मार गिराया। एक विमान आजाद कश्मीर में गिरा तो दूसरा भारतीय कश्मीर में। एक भारतीय पायलट को जमीन पर मौजूद टुकड़ियों ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो और पायलट इलाके में मौजूद हैं।"
पाकिस्तानी सेना की ओर से जारी 46 सेकंड के एक वीडियो में आंखों पर पट्टी बांधे एक व्यक्ति नजर आ रहा है। वीडियो में व्यक्ति यह कहता नजर आ रहा है, ‘‘मैं भारतीय वायुसेना का एक अधिकारी हूं। ’’ हालांकि वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं की जा सकी है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने भी ट्वीट करके एलओसी पार कर हमले की बात कही है। उन्होंने लिखा कि इस कार्रवाई का मकसद ये दिखाना था कि आत्मरक्षा में हमारा हम, इच्छा और क्षमता क्या है। हम इसे आगे बढ़ाना नहीं चाहते लेकिन अगर ऐसा होता है तो पूरी तरह तैयार हैं।
उधर, एएनआई के हवाले से खबर है कि भारत ने भी नौशेरा के लाम वैली में पाकिस्तान के एफ-16 को मार गिराया है।
आपको बता दें, जम्मू कश्मीर के नौशेरा में पाकिस्तान ने भारतीय वायु सीमा का उल्लंघन किया है। पीटीआई के मुताबिक जम्मू कश्मीर के नौशेरा में पाकिस्तान के विमान घुस आए और पुंछ और राजौरी के इलाके में बम भी गिराए। भारतीय वायु सेना ने हालांकि पाकिस्तान के फाइटर जेट को खदेड़ दिया।