एक ओर भारत वास्तविक नियंत्रण रेखा यानी एलएसी पर चीन से निपट रहा है तो दूसरी ओर पाकिस्तान के साथ नियंत्रण रेखा यानी एलओसी पर पाकिस्तान सेना ने अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। जानकारी के मुताबिक एलओसी पर पाक सेना की हलचल तेज हुई है और सीमा पार गाड़ियों की आवाजाही भी बढ़ी है।
पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के उस पार दो दिन से पाकिस्तानी सेना की हलचल काफी बढ़ गई है। पाकिस्तानी सेना की गाड़ियों के काफिले आते देखे जा रहे हैं। गाड़ियां हेडलाइट बंद कर आगे बढ़ रही हैं। सूत्रों का कहना है कि चीन के साथ गलवां घाटी में हिंसक झड़प के बाद अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की नापाक हरकतें बढ़ सकती हैं।
चीन की शह पर पाकिस्तान नापाक हरकत कर सकता है। आने वाले दिनों में नियंत्रण रेखा पर बैट हमलों के प्रयास में भी बढ़ोतरी हो सकती है। इसके लिए पाकिस्तानी सेना कुछ दिन से सैन्य गतिविधियां बढ़ा रही है। हालांकि नियंत्रण रेखा पर मुस्तैद भारतीय सेना हर प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।