अंतरराष्ट्रीय सीमा पर
पाकिस्तान को भारतीय सेनाओं द्वारा करारा जवाब मिलने के बाद भी उसकी नापाक हरकतें जारी हैं। शुक्रवार को भी उसने ने पुंछ के शाहपुर सेक्टर और राजोरी के नौशेरा सेक्टर में फिर गोले बरसाए। इस दौरान भारतीय चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया। इससे शाहपुर में तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए। भारत ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया है। देर शाम तक दोनों ओर से गोलाबारी जारी रही। पुंछ में नए साल पर तीसरी बार पाक ने
सीजफायर का उल्लंघन किया है।
पाक सेना ने शुक्रवार दोपहर 1:30 बजे शाहपुर सेक्टर में भारी गोलाबारी शुरू कर दी। कीरनी, मंधार, कसबा और काइयां क्षेत्र में भारतीय सेना की अग्रिम चौकियों सहित रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया। मोहम्मद हुसैन, मोहम्मद उर रहमान और मोहम्मद बशीर के घरों पर मोर्टार गिरे, जिससे मकान क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, नौशेरा में पाकिस्तान की तरफ से दोपहर 2:10 बजे से शाम चार बजे तक बाबा खोड़ी में सेना की चौकियों को निशाना बनाकर छोटे-बड़े हथियारों से गोलाबारी की, जो करीब डेढ़ घंटे जारी रही।
पढ़ें- J&K: बीएसएफ का पाक को करारा जवाब, दर्जनभर पाक रेंजर ढेर, 2 चौकियां तबाह
माना जा रहा है कि पाक गोलाबारी की आड़ में आतंकियों की घुसपैठ करवाना चाहता है। बृहस्पतिवार की देर रात को भी पाक की तरफ से गोलाबारी की गई थी। बुधवार को अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाक के स्नाइपर शॉट से बीएसएफ जवान आरपी हाजरा शहीद हो गए थे। इसके बाद भारत ने जोरदार कार्रवाई की थी, जिसमें पाक की तीन चौकियां और दो मोर्टार पोजिशन ध्वस्त हो गए थे। वहीं 12 पाक रेंजर ढेर भी हुए थे।
सेना ने पाक से दागे गए मोर्टार शेल निष्क्रिय किए
सेना की नौशेरा ब्रिगेड ने भारत-पाक नियंत्रण रेखा के नजदीक झंगड़ और कलसियां गांव में पाकिस्तान द्वारा दागे गए जीवित मोर्टार शेल (जो फट नहीं सके) को निष्क्रिय किया। कई बार इन गोलों के फटने से लोगों की जान भी जा चुकी है। इसलिए सेना एक अभियान चलाकर एलओसी से सटे गांवों में जीवित मोर्टार शेल को ढूंढकर उन्हें निष्क्रिय करने में जुटी हुई है। शुक्रवार को सेना द्वारा झंगड़ और कलसियां में इन मोर्टार शेलों को निष्क्रिय किया गया, जिससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।