राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत दोभाल ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष लेफ्टिनेंट जनरल नसीर जंजुआ को दो टूक कहा है कि उड़ी आतंकी हमले ने भारत के सब्र का बांध तोड़ दिया। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच जंजुआ की ओर से आए फोन पर बातचीत में दोभाल ने कहा कि आज जो कुछ भी हो रहा है उसके लिए भारत जिम्मेदार नहीं है। दोभाल ने यह भी साफ कर दिया कि अगर पाकिस्तान चाहे तो रिश्ते फिर तनाव रहित हो सकते हैं। गेंद अब पाकिस्तान के पाले में है।
उच्चपदस्थ सरकारी सूत्रों ने बताया कि जंजुआ का फोन रविवार देर शाम आया था। खास बात है कि दोनों एनएसए की बातचीत केकुछ घंटे बाद बारमुला में पाक समर्थित आतंकियों ने एक बार फिर हमला बोल दिया। उधर पाकिस्तान से आ रही खबरों केमुताबिक पाक प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के विदेशी मामलों केसलाहकार सरताज अजीज ने कहा है कि दोनों देशों के एनएसए संपर्क में हैं और तनाव कम करने पर राजी हैं।