तीन साल पहले यानी 5 अगस्त 2019 को मोदी सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाते हुए जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाला संविधान का अनुच्छेद 370 खत्म कर दिया था। इसके बाद जम्मू कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा दिया गया है।
पाकिस्तान के नापाक मंसूबे एक बार फिर सामने आए हैं। कश्मीर को लेकर बार बार मुंह की खाने के बाद भी वह सुधरने को तैयार नहीं है। अब अनुच्छेद 370 की समाप्ति के तीन वर्ष पूरे होने के मौके पर उसने कश्मीर टूलकिट तैयार किया है। इसमें कश्मीर को लेकर उसके दुष्प्रचार का एजेंडा है।
अनुच्छेद 370 से आजादी : श्रीनगर में आज भव्य कार्यक्रम
इधर, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के खात्मे के तीन साल पूरे होने पर घाटी के बख्शी स्टेडियम में शुक्रवार को भव्य समारोह होगा। कार्यक्रम में 12000 से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसके साथ ही फीफा के मानकों पर तैयार इस स्टेडियम का भी औपचारिक तौर पर उप राज्यपाल मनोज सिन्हा उद्घाटन करेंगे। शुक्रवार को इस स्टेडियम को औपचारिक तौर पर खिलाड़ियों के लिए खोल दिया जाएगा। 2015 के बाद इसकी रेनोवेशन के चलते यहां गणतंत्र और स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रम शेर-ए कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में करवाए जाते थे, जो 2014 में आई बाढ़ से पहले बख्शी स्टेडियम में होते थे। 370 हटने की तीसरी वर्षगांठ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।