प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले उपहारों की प्रदर्शनी और ई-नीलामी का शुक्रवार को समापन हो गया। इसमें महात्मा गांधी के साथ बने मोदी के चित्र की सर्वाधिक 25 लाख रुपये की बोली लगी। इस ई-नीलामी से मिली राशि ‘नमामि गंगे’ मिशन को दान की जाएगी।
प्रदर्शनी में रखी चीजों में, सबसे कम शुरुआती कीमत 500 रुपये भगवान गणेश और कमल के फूल के आकार में बने लकड़ी के बक्से जैसी वस्तुओं की थी। सबसे अधिक शुरुआती कीमत ढाई लाख रुपये, ऐक्रलिक रंग से बने चित्र की थी, जिसमें तिरंगे की पृष्ठभूमि में महात्मा गांधी के साथ प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर उकेरी गई थी। यह चित्र 25 लाख रुपये में बिका। पीएम की मां से आशीर्वाद लेते हुए तस्वीर के लिए 20 लाख रुपये बोली लगी। नीलामी में बिकी अन्य लोकप्रिय वस्तुओं में मणिपुरी लोक कृतियां (10 लाख रुपये), बछड़े को दूध पिलाती गाय की धातु से बनी मूर्ति (10 लाख रुपये) और स्वामी विवेकानंद की धातु से बनी 14 सेंटीमीटर की मूर्ति (छह लाख रुपये) शामिल थी।