जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से देश में गुस्सा और शोक है। सरकार भी इसे लेकर हाई अलर्ट है और पीएम मोदी अपना सऊदी अरब का दौरा बीच में छोड़कर बुधवार सुबह ही भारत वापस लौट आए। पहलगाम हमले को लेकर बुधवार शाम छह बजे सुरक्षा मामलों की केंद्रीय समिति की बैठक होगी। इससे पहले रक्षा मंत्रालय में भी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक हुई, जिसमें सेना के शीर्ष अधिकारी भी शामिल हुए। तीनों सेनाओं के अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया गया है। जानिए पहलगाम हमले में अब तक क्या-क्या हुआ-
पर्यटकों पर बीते 25 साल का सबसे बड़ा आतंकी हमला
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार दोपहर करीब 2.45 बजे आतंकियों ने पहलगाम के बैसरन घाटी इलाके में 26 पर्यटकों की निर्मम हत्या कर दी। हमले की जिम्मेदारी लश्कर ए तैयबा से जुड़े आतंकी संगठन टीआरएफ ने ली है। यह जम्मू कश्मीर में पर्यटकों पर हुआ बीते 25 साल का सबसे बड़ा हमला है। इससे पहले साल 2000 में अमरनाथ बेस कैंप पर हुए हमले में 30 से ज्यादा लोग मारे गए थे।
अमित शाह ने पहलगाम हमले के पीड़ितों से की मुलाकात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हमला होने के बाद मंगलवार रात में ही जम्मू कश्मीर रवाना हो गए। अमित शाह ने श्रीनगर में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की। बुधवार सुबह गृह मंत्री पहलगाम पहुंचे, जहां उन्होंने पहलगाम हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और इस दौरान पीड़ित परिजनों से भी मिले।
पीएम मोदी सऊदी अरब का अहम दौरा बीच में छोड़कर वापस लौटे
पहलगाम आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना सऊदी अरब का अहम दौरा बीच में ही छोड़कर भारत वापस लौट आए हैं। पीएम मोदी बुधवार सुबह नई दिल्ली पहुंचे और नई दिल्ली पहुंचते ही एयरपोर्ट पर ही उन्होंने शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश मंत्री एस जयशंकर भी मौजूद रहे और बैठक में पीएम मोदी ने स्थिति की जानकारी ली।
ये भी पढ़ें-
Pahalgam Attack: दो माह और दस दिन... पत्नी के सामने कानपुर के शुभम का कत्ल, वीभत्स वीडियो देख खड़े हुए रोंगटे
राहुल गांधी ने अमित शाह से की बात
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी मंगलवार की रात ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की और पहलगाम के हमले को नरसंहार बताया। सोशल मीडिया पर खरगे ने लिखा कि इस भयानक आतंकी हमले के दोषी बिना सजा मिले नहीं रहने चाहिए। मासूम लोगों को न्याय मिलना चाहिए। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी गृह मंत्री अमित शाह, जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला और जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष तारीक अहमद कर्रा से बात की। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्या मिलना चाहिए।
दुनियाभर के नेताओं ने आतंकी हमले पर किया भारत का समर्थन
पहलगाम आतंकी हमले को लेकर भारत को दुनियाभर से समर्थन मिल रहा है और कई नेताओं ने आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि आतंकी की इस लड़ाई में अमेरिका भारत के साथ खड़ा है। पीएम मोदी और भारत के लोगों को हमारा पूर्ण समर्थन है। नेपाल के प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि नेपाल भारत के साथ मजबूती से खड़ा है और आतंकवाद के किसी भी कृत्य की कड़ी निंदा करता है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने भी आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और कश्मीर में हुए हमले को भयानक और विनाशकारी बताया।
ये भी पढ़ें-
Pahalgam Terror Attack: 'तुमको नहीं मार रहा... जाकर मोदी को बता देना', महिला पीड़ितों ने बयां किया दर्द
रक्षा मंत्रालय में हुई अहम बैठक
बुधवार सुबह नई दिल्ली स्थित रक्षा मंत्रालय में पहलगाम हमले को लेकर बैठक हुई। इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा सीडीएस अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के शीर्ष अधिकारी शामिल हुए। बैठक में तीनों सेनाओं को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है।
सैफुल्लाह खालिद को बताया जा रहा मास्टरमाइंड
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पहलगाम आतंकी हमले का मास्टरमाइंड आतंकी सैफुल्लाह खालिद है। जम्मू कश्मीर में लश्कर और टीआरएफ की आतंकी गतिविधियों को वही अंजाम दे रहा है। सैफुल्लाह खारिज को आतंकी हाफिज सईद का करीबी माना जाता है। सैफुल्लाह की पाकिस्तानी सेना से भी नजदीकी है।