जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सऊदी अरब की यात्रा बीच में छोड़ दी। उन्होंने तत्काल भारत वापसी की। भारत वापसी के दौरान पीएम मोदी के विमान का मार्ग बदल दिया गया। यह विमान पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र से होकर नहीं गुजरा। विमान अरब सागर के ऊपर भारतीय प्रायद्वीप से गुजरात के रास्ते दिल्ली पहुंचा। जबकि सऊदी अरब जाते वक्त विमान पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र से गुजरा था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर सऊदी अरब गए थे। मंगलवार को पहलगाम में आतंकी हमले की सूचना मिलने के बाद पीएम मोदी ने दुख जताया। इसके बाद दौरा बीच में छोड़कर उन्होंने भारत वापसी की। रिपोर्ट्स के मुताबिक पीएम मोदी ने क्राउन प्रिंस के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर बातचीत के बाद रात्रि भोज में हिस्सा नहीं लिया। प्रधानमंत्री आधी रात के बाद करीब दो बजे भारत के लिए रवाना हुए। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक पीएम मोदी खाड़ी देश की दो दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद बुधवार को स्वदेश लौटने वाले थे।
ये भी पढ़ें: 'श्रीनगर के लिए किराया न बढ़ाएं, टिकट कैंसिलेशन चार्ज भी माफ', सरकार का एयरलाइंस को निर्देश
पीएम नरेंद्र मोदी का विमान जब स्वदेश लौट रहा था तो उसने रास्ता बदल लिया। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के मुताबिक प्रधानमंत्री के भारतीय वायुसेना के बोइंग 777-300 विमान ने मंगलवार सुबह रियाद जाते समय पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र को पार किया था, लेकिन वापस आते समय बड़ा चक्कर लगाया।
वापसी में यह अरब सागर के ऊपर से सीधा उड़ान भरकर भारतीय प्रायद्वीप को पार करता हुआ गुजरात से प्रवेश करता हुआ वापस दिल्ली पहुंचा। इस मार्ग से पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र से बचा गया। माना जा रहा है कि आतंकी हमले के बाद सुरक्षा के लिहाज से विमान का मार्ग बदला गया। नई दिल्ली के पालम हवाई अड्डे पर विमान उतरने के बाद पीएम मोदी ने विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ बैठक की। इससे पहले, पीएम मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात कर जरूरी कदम उठाने और कश्मीर पहुंचाने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें: 'बस 20 मिनट की दूरी, गोलियों की आवाज, हमने पीछे मुड़कर नहीं देखा', महाराष्ट्र के दंपती की आंखों-देखी
नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में लिखा- मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा...उन्हें बख्शा नहीं जाएगा! उनका नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है और यह और भी मजबूत होगा।
पर्यटकों पर आतंकी हमला, 26 की नृशंस हत्या
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को आतंकियों ने पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा कर 26 लोगों की नृशंस हत्या कर दी। सेना की वर्दी में आए दहशतगर्दों ने पहलगाम की बायसरन घाटी में पर्यटकों से पहले उनका धर्म पूछा, परिचय पत्र देखे और फिर हिंदू हो कहकर गोली मार दी। 26 मृतकों में ज्यादातर पर्यटक हैं, जबकि दो विदेशी और दो स्थानीय नागरिक शामिल हैं।
संबंधित वीडियो