जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले साल 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले की रेकी के लिए इस्तेमाल किए गए 'गो-प्रो हीरो' 12 कैमरे को लेकर चीन ने चुप्पी साध ली है। जम्मू की विशेष अदालत ने मार्च में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को उक्त कैमरे के खरीदार और अंतिम उपयोगकर्ता का पता लगाने के लिए चीन से न्यायिक सहायता मांगने की अनुमति दी थी। चीन ने एनआईए द्वारा मांगी गई जानकारी का अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है। खास बात है कि एनआईए के पास उक्त कैमरे के इस्तेमाल को लेकर पर्याप्त फोरेंसिक सबूत हैं। एनआईए के शीर्ष सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है।
एनआईए द्वारा इस केस की जांच के दौरान यह बात सामने आई थी कि पहलगाम हमले से पहले उस इलाके की विस्तृत रेकी की गई थी। इसके लिए 'गो-प्रो हीरो' 12 कैमरे का इस्तेमाल किया गया। 'गो-प्रो हीरो' 12 ब्लैक कैमरा, जिसका सीरियल नंबर C3501325471706 है, हमले से पहले आसपास के इलाके में इसके जरिए अहम जानकारी जुटाई गई थी। इसमें सुरक्षा बलों की मूवमेंट, लोकल लोगों की आवाजाही और ट्रांसपोर्ट की स्थिति, यह रेकी आतंकवादी मॉड्यूल का हिस्सा थी। कई बार उक्त कैमरे का इस्तेमाल किया गया।
एनआईए ने इस केस की तह तक पहुंचने के लिए चीन के सक्षम न्यायिक प्राधिकरण को लेटर रोगेटरी यानी 'एलआर' जारी करने की अनुमति देने के लिए आवेदन किया था। किसी केस की जांच के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए एलआर के द्वारा ही एक देश के न्यायिक सिस्टम से दूसरे मुल्क की न्यायिक व्यवस्था को एक औपचारिक राजनयिक अनुरोध किया जाता है। जम्मू की विशेष अदालत में एनआईए ने आवेदन में कहा था, इस केस की जांच के दौरान, आतंकवादी हमले की साजिश और उसे अंजाम देने से जुड़ी भौतिक वस्तुओं और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की गई है।
जांच में 'गो-प्रो हीरो' 12 ब्लैक कैमरा, एक अहम इनपुट रहा है, इसलिए एनआईए के लिए इसकी तह तक पहुंचना आवश्यक है। कैमरे से जुड़ी जानकारी, यानी वह पहलगाम तक कैसे पहुंचा, उसका उपयोगकर्ता कौन था, आदि बातें केस की जांच के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। एनआईए ने पहले कैमरे के निर्माता, गो प्रो बीवी से कई तरह की जानकारी मांगी थी। गो प्रो बीवी ने एनआईए को सूचित किया था कि यह कैमरा पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना स्थित वितरक एई ग्रुप इंटरनेशनल लिमिटेड को सप्लाई किया गया था।
ये भी पढ़ें:
'जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा': पाकिस्तानी मंत्री के भारत दौरे पर भड़की कांग्रेस; सरकार से पूछे सवाल
एनआईए के मुताबिक, 30 जनवरी, 2024 को पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के डोंगगुआन में यह कैमरा एक्टिव हुआ था। हालांकि गो प्रो बीवी की तरफ से जांच एजेंसी को बताया गया कि उसके पास उक्त कैमरे के लेन-देन संबंधी विवरण या इसका अंतिम उपयोगकर्ता कौन है, इस तरह का रिकॉर्ड नहीं हैं। हालांकि, गो-प्रो हीरो' 12 ब्लैक कैमरे की जांच की गहराई तक पहुंचना, एनआईए के लिए चुनौती से कम नहीं है।
वजह, भारत और चीन के बीच पारस्परिक कानूनी सहायता संधि (एमएलएटी) जैसा कोई पारस्परिक समझौता नहीं हुआ है। इसके चलते आगे भी एनआईए को इस तरह की जानकारी मिल सकेगी, इसमें संशय है। उक्त कैमरे को लेकर चीन की ओर से अभी तक एनआईए को कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई।
सूत्रों के अनुसार, एनआईए इस मामले में संयुक्त राष्ट्र अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध विरोधी कन्वेंशन (यूएनटीओसी) के तहत सहायता ले सकती है। हालांकि यह एक लंबी प्रक्रिया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने गत वर्ष पहलगाम आतंकी हमले के मामले में सात आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। इसमें पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन 'लश्कर-ए-तैयबा' (एलईटीटी)/द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के सदस्य भी शामिल हैं।
आरोपपत्र में पाकिस्तान की साजिश, आरोपियों की भूमिका और मामले से जुड़े सहायक सबूतों का विस्तृत विवरण दिया गया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी की चार्जशीट में प्रतिबंधित आतंकी संगठन 'लश्कर-ए-तैयबा'/'टीआरएफ' को पहलगाम हमले की योजना बनाने, उसमें सहयोग करने और उसे अंजाम देने में उसकी भूमिका के लिए एक कानूनी इकाई के रूप में आरोपित किया गया है।
जम्मू स्थित एनआईए विशेष न्यायालय में दायर 1,597 पृष्ठों के आरोपपत्र में पाकिस्तानी हैंडलर आतंकवादी साजिद जट्ट का नाम भी आरोपी के रूप में शामिल है। एनआईए के आरोपपत्र में उन तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों के नाम भी हैं, जो घातक आतंकी हमले के कुछ हफ्तों बाद जुलाई 2025 में श्रीनगर के दाचीगाम में ऑपरेशन महादेव के दौरान भारतीय सुरक्षा बलों द्वारा मारे गए थे। तीनों की पहचान फैसल जट्ट उर्फ सुलेमान शाह, हबीब ताहिर उर्फ जिब्रान और हमजा अफगानी के रूप में हुई है। पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों द्वारा धर्म आधारित लक्षित हत्याओं वाले इस हमले में 25 पर्यटक और एक स्थानीय नागरिक की मौत हो गई थी।