बंगलूरू में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। कुत्तों का एक झुंड सुबह-सुबह एमएस रमइया कॉलेज के पास से गुजरने वाले लोगों पर हमला कर देता है। हाल में ही कुत्तों ने एक महिला को अपना शिकार बनाया। बंगलूरू में एमएस रमइया कॉलेज के पड़ोस में कुत्तों के इस आतंक की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं।
सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि कुत्तों ने महिला को खदेड़कर अपना शिकार बनाया। महिला सुबह के वक्त टहल निकली थी कि अचानक लगभग 10 कुत्तों ने उसपर हमला कर दिया और उसे नीचे गिरा दिया। उनमें से एक कुत्ते ने महिला के पैर में काट भी लिया।
महिला पर हमले के कुछ देर बाद ही कुत्तों ने वहां से गुजर रहे एक युवक को भी अपना शिकार बनाया। बताया जा रहा है कि युवक उस वक्त ऑफिस जा रहा था जब कुत्तों ने उसपर हमला किया। इलाके में लगभग दस कुत्ते मौजूद हैं जो वहां से गुजरने वाले लोगों को अपना शिकार बनाते हैं।
लोगों ने इस बात की कई बार शिकायत की लेकिन प्रशासन द्वारा कोई भी कदल नहीं उठाया गया। वहीं बंगलूरू के मेयर का कहना है कि कोई कार्रवाई नहीं करने के पीछे कोर्ट का आदेश है। कोर्ट ने आदेश जारी किया है जिसके अनुसार कुत्तों को न तो पकड़ा जा सकता है और नहीं उन्हें मारा जा सकता है।