प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से किए गए हमले का जवाब देते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने कहा कि पीएम मोदी को कश्मीर का भूत दिख रहा है वह इस पर हमले कर रहे हैं।
उन्होंने कहा जो लोग मुझ पर हमले कर रहे हैं उन्हें पहले यह पढ़ लेना चाहिए कि मैंने क्या कहा है। मोदी जो बयान दे रहे हैं उससे लगता है कि उन्होंने शनिवार को राजकोट में किए गए सवाल पर मेरे जवाब को पूरा नहीं पढ़ा है।
चिदंबरम ने कहा कि कश्मीर घाटी में जो मांग हो रही है वह यह है कि अनुच्छेद 370 का पूरा सम्मान हो। इसका मतलब यह है कि वे ज्यादा स्वायत्तता चाह रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के लोगों से जहां तक मेरी बात हुई है, उससे मैं इस नतीजे पर पहुंचा हूं कि जब वे आजादी की मांग कर रहे होते हैं तो इससे उनका मतलब ज्यादा स्वायत्तता से होता है।
रविवार को प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान की भाषा बोल रही है। आखिर क्यों कांग्रेस के नेता कश्मीर की आजादी मांगने वालों का साथ दे रहे हैं। कल कांग्रेस के नेता की कश्मीर की आजादी को लेकर दिए गए बयान से साफ है कि कांग्रेस सर्जिकल स्ट्राइक और हमारे जवानों के बारे में क्या सोचती है।'
बता दें कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा था कि कश्मीरी आजादी नहीं बल्कि स्वायत्तता चाहते हैं। हालांकि कांग्रेस ने चिदंबरम के बयान से किनारा कर लिया है।