कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने कोरोना टीकाकरण की रफ्तार को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने बृहस्पतिवार को ट्वीट किया, मुझे यह बताते हुए गर्व महसूस हो रहा है कि भारत ने कोविड-19 वैक्सीन की 5.9 करोड़ खुराक निर्यात की हैं। लेकिन इसके साथ ही मैं निराश हूं कि हमने भारतीय नागरिकों को केवल तीन करोड़ खुराक ही अब तक दी हैं।
चिदंबरम ने कहा, क्या इस बात पर किसी को हैरानी है कि संक्रमण की दर हर दिन तेजी से बढ़ रही है? इस दर पर वायरस और टीकाकरण के बीच की दौड़ में वायरस जीत जाएगा।
चिदंबरम ने सुझाव दिया कि सरकार को मांग पर वॉक-इन वैक्सीनेशन की अनुमति देनी चाहिए और पूर्व-पंजीकरण सहित नौकरशाही बाधाओं से छुटकारा पाना चाहिए। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, भारत में 18 मार्च की सुबह 8:00 बजे तक कुल 3,71,43,255 लोगों का टीकाकरण हो चुका है।