पूर्व वित्तमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने रक्षामंत्री निर्माला सीतारमण पर तंज कसा है। रक्षामंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से यह बात साफ करने की मांग की थी कि क्या वह मानते हैं कि उनकी पार्टी एक मुस्लिम पार्टी है। जिसके जवाब में चिदंबरम ने दो ट्वीट किए। उन्होंने कहा कि यदि सीतारमण के सारे काम निपट गए हैं तो उन्हें अपनी गुप्त जानकारी गृह मंत्रालय के साथ साझा करनी चाहिए।
चिदंबरम ने कहा, 'पाकिस्तान को सबक सिखाने, आतंकवाद को खत्म करने, घुसपैठ रोकने और राफेल विमान को खरीदने के बाद रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण के पास आराम से दुनियाभर के राजनीतिक दलों और लोगों के राजनीतिक जुड़ाव को तलाश करने का समय है।' अपने दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा, 'रक्षा मंत्री का कहना है कि लोकसभा चुनाव के दौरान दंगा भड़काने की कोशिश की जा सकती है। उन्हें यह गुप्त सूचना गृह मंत्रालय के साथ साझा करनी चाहिए।'
बता दें कि शुक्रवार को इंकलाब में छपी रिपोर्ट के हवाले से सीतारमण ने
राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा था कि उन्होंने मुस्लिम बुद्धिजीवीयों के साथ मुलाकात के दौरान कहा था कि कांग्रेस एक मुस्लिम पार्टी है। उन्होंने कहा था, 'आप एक समय पर जनेऊधारी और दूसरे समय पर मुस्लिम धारी नहीं हो सकते हैं। यह लोगों के विश्वास से खेलने जैसा है। कांग्रेस पार्टी एक सांप्रदायिक विभाजन और धर्म के कार्ड वाला एक खतरनाक खेल, खेल रही है। यदि अब या लोकसभा चुनाव के दौरान कोई भी अप्रिय घटना होती है तो उसकी अकेली जिम्मेदार कांग्रेस पार्टी होगी।'