गुजरात के वडोदरा में एसएसजी अस्पताल में सोमवार सुबह चिकित्सकीय ऑक्सीजन का मामूली रिसाव हो गया। हालांकि, अस्पताल में सभी मरीज सुरक्षित है। एक अधिकारी ने बताया कि कोरोना मरीजों के लिए जीवनरक्षक गैस वाहक एक पाइप में छेद हो जाने के कारण यह रिसाव हुआ।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ रंजन अय्यर ने बताया कि इस सरकारी अस्पताल में कोरोना के करीब 600 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे।
हालांकि, आपूर्ति बाधित नहीं हुई क्योंकि रिसाव 20 मिनट में दूर कर लिया गया। यह रिसाव सर सयाजीराव जनरल (एसएसजी) अस्पताल के ‘न्यू सर्जिकल ब्लॉक’ में हुआ, जब मुख्य टैंक से विभिन्न वार्डों में ऑक्सीजन ले जाने वाली तांबे की तार क्षतिग्रस्त हो गई थी। उन्होंने कहा, रिसाव से हमारे मरीजों की ऑक्सीजन आपूर्ति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। उन्हें तो पता भी नहीं चला कि ऐसा कुछ हुआ है।