देश में कोरोना मामलों में बेतहाशा वृद्धि को देखते हुए 13 विपक्षी दलों ने रविवार को केंद्र सरकार से मुफ्त टीकाकरण अभियान चलाने का आग्रह किया। इन दलों के नेताओं ने एक साझा बयान में केंद्र से सभी अस्पतालों में निर्बाध ऑक्सीजन आपूर्ति सुनिश्चित करने को भी कहा, जहां मरीजों की भीड़ के कारण पूरी व्यवस्था चरमरा गई है।
साझा बयान में कहा गया है, देश में इस महामारी में बेतहाशा वृद्धि के इस समय में हम केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि वह अपना पूरा ध्यान अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर ऑक्सीजन की निर्बाध आपूर्ति पर केंद्रित करे।
साथ ही तुरंत मुफ्त देशव्यापी टीकाकरण अभियान चलाने की भी मांग करते हैं। विपक्षी नेताओं ने कहा कि सरकार बजट में टीकाकरण के लिए आवंटित 35,000 करोड़ रुपये का इस्तेमाल इस मुहिम में करे।
विपक्ष के संयुक्त बयान पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, जदएस नेता एचडी देवगौड़ा, एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी और भाकपा नेता डी राजा और माकपा नेता सीताराम येचुरी के हस्ताक्षर हैं।
इनके अलावा झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन, बसपा सुप्रीमो मायावती, एनसी के फारूक अब्दुल्ला, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, राजद नेता तेजस्वी यादव के भी हस्ताक्षर हैं।