बजट पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के जवाब पर विपक्षी सांसदों ने असंतोष जताया। प्रियंका गांधी ने कहा कि वित्त मंत्री पता नहीं किस ग्रह में रह रही हैं। वह कह रही हैं कि महंगाई नहीं बढ़ी है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को लोकसभा में बजट पर चर्चा का जवाब दिया। वहीं, विपक्षी दलों के सांसदों ने इस पर प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, 'मुझे नहीं पता वह किस ग्रह में रह रही हैं। वह कह रही हैं कि महंगाई नहीं बढ़ी है, बेरोजगारी नहीं बढ़ी है।'
विज्ञापन
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा, 'वित्त मंत्री ने कुछ भी नहीं कहा है। वह सभी राज्यों पर आरोप लगा रही हैं.. राज्य पैसा खर्च नहीं कर रहे हैं...फिर आप वहां पर किसलिए हैं? आपने कब राज्यों के लिए फंड जारी किया? आपने आंकड़े नहीं दिए। कौन सा राज्य खर्च करने की स्थिति में नहीं है? आप आंकड़े जारी नहीं कर रहे हैं। वह यूपीए-1 और यूपीए-2 से तुलना कर रही हैं। यूपीए-2 ने सही से काम नहीं किया और इसी वजह से लोगों ने उन्हें नकारा। अब आप दस साल से सत्ता में हैं। आप हमें बताइए कि आपने क्या क्या किया..कुछ नहीं। पूरी तरह से असंतोषजनक जवाब दिया। उन्होंने पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित, पक्षपाती और प्रतिशोध वाली बातें कहीं।'
समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अखिलेश यादव ने कहा, '144 साल बाद सबसे बड़ा महाकुंभ हो रहा है और भारत सरकार ने महाकुंभ के लिए कोई पैसा नहीं दिया।'