दावा है कि विपक्ष महात्मा गांधी के पोते राजमोहन गांधी को विपक्ष चुनाव में उतार सकता है। वहीं, राजग की तमिल राजनीति को ध्यान में रखते हुए तिरुचि शिवा और इसरो वैज्ञानिक मायलस्वामी अन्नादुरई पर दांव लगा सकता है।
इंडी गठबंधन के नेताओं की सोमवार देर शाम हुई बैठक में तय किया गया कि उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष अपना उम्मीदवार उतारेगा। सूत्रों ने बताया कि महात्मा गांधी के पोते राजमोहन गांधी को विपक्ष चुनाव में उतार सकता है। वहीं, राजग की तमिल राजनीति को ध्यान में रखते हुए तिरुचि शिवा और इसरो वैज्ञानिक मायलस्वामी अन्नादुरई पर दांव लगा सकता है।
विज्ञापन
विपक्षी दलों के आला नेताओं की मंगलवार सुबह होने वाली बैठक में उम्मीदवार का नाम तय करने पर मंथन होगा और इसकी घोषणा 20 अगस्त को हो सकती है। एम अन्नादुरई तमिलनाडु राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय डिजाइन एवं अनुसंधान मंच के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष हैं। उन्हें भारत का चांद पुरुष कहा जाता है। अन्नादुरई के नाम का प्रस्ताव द्रमुक की तरफ से किया गया है। सूत्रों ने बताया कि चार बार से राज्यसभा में द्रमुक का प्रतिनिधित्व कर रहे तिरुचि शिवा के नाम पर भी विचार किया जा रहा है जिनके राजग सदस्यों के साथ भी अच्छे रिश्ते हैं।
दरअसल, राजग की तरफ से राधाकृष्णन को उतारे जाने के बाद विपक्ष के लिए अपनी एकता की धार दिखाना जरूरी हो गया है। इसलिए शिवा और अन्नादुरई में से किसी एक नाम को लेकर विपक्ष आगे बढ़ सकता है। सूत्रों का कहना है कि विपक्ष खासतौर पर कांग्रेस को अच्छी तरह पता है कि संख्या बल के आधार पर यह बाजी उसके लिए टेढ़ी खीर है, इसलिए वह टीएमसी, द्रमुक जैसे सहयोगियों को अपने उम्मीदवारों के लिए प्रेरित कर रही है। इस क्रम में इतिहासकार और लेखक राजमोहन गांधी के नाम पर भी विचार किया जा सकता है।