Operation Sindoor: भारतीय सेना का 'ऑपरेशन सिंदूर' अभी खत्म नहीं हुआ है, वहीं इसे लेकर सेनाओं की तरफ से लगातार वीडियो जारी किए जा रहे हैं। जिसमें सेना के जवानों को किसी स्थिति से निपटने के लिए तैयार दिखाया जा रहा है। भारतीय वायु सेना की तरफ से जारी वीडियो में लिखा गया है- 'वायु सेना हमेशा दृढ़ संकल्प के साथ वार करती है'।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने प्रतिशोध लेते हुए 6 और 7 मई की दरमियानी रात पाकिस्तान और पीओके में आतंक के ठिकानों पर करारा हमला किया। जिसमें भारत के वायु रक्षकों ने दमखम दिखाते हुए मात्र 25 मिनट में नौ आतंकी ठिकाने को न सिर्फ ध्वस्त किया, इसके साथ ही 100 से ज्यादा आतंकियों को ढेर भी किया था। इसे ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया है। वहीं अब भारतीय वायु सेना की तरफ से सोशल मीडिया एक्स पर एक और वीडियो जारी किया गया है।
विज्ञापन
वायु सेना के नए वीडियो में क्या है?
भारतीय वायुसेना के वीडियो में जवानों की शौर्य गाथा सुनाते और दिखाते हुए दुश्मनों को चेतावनी दी गई है। वीडियो के बैकग्राउंड में अभिनेता और लेखक, गीतकार, गायक पीयूष मिश्रा का मशहूर गीत भी चल रहा है- 'आरम्भ है प्रचण्ड बोल मस्तकों के झुण्ड आज जंग की घड़ी की तुम गुहार दो, आन बान शान या की जान का हो दान आज एक धनुष के बाण पे उतार दो !!! मन करे सो प्राण दे, जो मन करे सो प्राण ले वही तो एक सर्वशक्तिमान है, विश्व की पुकार है ये भगवत का सार है की युद्ध ही तो वीर का प्रमाण है !!! कौरवों की भीड़ हो या पाण्डवों का नीर हो जो लड़ सका है वही तो महान है !!!'
क्या है ऑपरेशन सिंदूर?
भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकियों के ठिकानों पर सटीक हमले किए। यह कार्रवाई 22 अप्रैल को पाहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में की गई थी। इसके बाद पाकिस्तान ने 8, 9 और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमले की कोशिश की, जिनका भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया। इस जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचा, जिनमें एयर बेस, रडार साइट्स, और कमांड सेंटर शामिल हैं।
पहलगाम आतंकी हमला और सीजफायर
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के 15 दिन बाद भारतीय सेना ने सात मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों को तबाह किया था। जिसमें कई कुख्यात आतंकी भी मारे गए थे। इसके बाद दोनों देशों के बीच हालात बिगड़े और दो दशक बाद चरम पर पहुंच गए। वहीं पाकिस्तान की तरफ से भारत के शहरों को निशाना बनाए जाने के बाद, भारत की वायु रक्षा प्रणाली ने सभी को नाकाम करते हुए उसका माकूल जवाब दिया। भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के 14 सैन्य ठिकानों को ध्वस्त कर दिए। इससे घबराए पाकिस्तान ने भारत के सामने सीजफायर का प्रस्ताव रखा, जिसे दोनों देशों ने आपसी चर्चा के बाद लागू कर लिया। हालांकि, इसके कुछ घंटे बाद ही पाकिस्तान की तरफ से इसका उल्लंघन किया गया, जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया।