उत्तराखंड सरकार के खिलाफ आक्रोश निकालने दिल्ली पहुंचे बागी विधायक प्रणव सिंह चैंपियन को आलाकमान से भाव नहीं मिला है। बल्कि
भाजपा आलाकमान ने उनकी हरकतों को गंभीरता से लिया है। देर सवेर उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। उत्तराखंड में अपनी ही सरकार के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हरिद्वार जिले की लंडौर सीट से विधायक प्रणव सिंह चैंपियन मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष
अमित शाह से मिलने पार्टी मुख्यालय पहुंचे थे।
पार्टी विधायक होने के नाते शाह उनसे मिलने को तैयार तो हो गए लेकिन उन्हें भाव नहीं दिया। मात्र एक मिनट की मुलाकात के बाद शाह ने चैंपियन को चलता कर दिया। सूत्र बताते हैं कि चैंपियन के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के बेटे सौरभ बहुगुणा ने भी शाह से मुलाकात की है। उन्हें भी शाह ने करीब दो से तीन मिनट में हालचाल पूछकर निपटा दिया। इसके बाद इन दोनों ही नेताओं चैंपियन और बहुगुणा ने मीडिय़ा से बातचीत की। जिसे लेकर भाजपा आलाकमान की भौंहे इनके खिलाफ तनी हुई हैं। जब ये नेता भाजपा मुख्यालय में मीडिय़ा से बातचीत कर रहे थे। तब शाह खुद मुख्यालय में मौजूद थे। उन्हें इन नेताओं खासतौर से चैंपियन की हरकत नागवार गुजरी है।