मोदी 2.0 सरकार पहले साल में हिंदुत्व के एजेंडे पर अपना परचम लहराने में कामयाब रही। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना और राम मंदिर पर आया ऐतिहासिक फैसला भाजपा की मूल विचारधारा की बड़ी जीत रही। हालांकि इस पहले साल के अंत में कोविड-19 ने कड़ी चुनौती जरूरी दी लेकिन सरकार ने भी इसके खिलाफ जंग में मोर्चा संभाल रखा है। पीएम मोदी की दूसरी बार बनी सरकार का एक साल 30 मई को पूरा हो रहा है।
पीएम मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार को घोषणा पत्र में तीन तलाक खत्म करने के वादे पर भी फतह हासिल हुई। देश की सर्वोच्च अदालत ने तीन तलाक को अपराध घोषित किया और मोदी सरकार का मुस्लिम बहनों से किया वादा भी पूरा हुआ। इसके अलावा संसद के दोनों सदनों मे नागरिकता संशोधन कानून का पारित होना भी बड़ी उपलब्धि रही।
भाजपा उपाध्यक्ष विनय सहस्रबुद्धे ने कहा कि मोदी 2.0 का पहला साल वादे पूरे करने में बीता। यह हमारे तीन ‘सी’, कनविक्शन-दृणविश्वास, करेज-साहस और कमिटमेंट-प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस साल हमने जनकल्याण योजनाओं को लागू करने में तेजी से काम किया।
सहस्रबुद्धे ने मौजूदा कोविड-19 की चुनौती पर कहा, हम कोरोना को भी मात देेंगे। सरकार ने अबतक इसकी रोकथाम के लिए बेहद शानदार काम किया है। ‘आत्मनिर्भर भारत’ मोदी सरकार की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की पहल है। कोरोना संकट में यह अंत्योदय का मंत्र है। सरकार का लक्ष्य अब चुनौती को अवसर में बदलना है और यह इसका चौथा ‘सी’- कंवर्जन होगा। मोदी 2.0 की पहली वर्षगांठ का जश्न भी कोविड-19 को परास्त करने की ओर समर्पित होगा।