नए साल के पहले दिन केरल के इडुक्की में एक पर्यटक बस के खाई में गिर जाने से इंजीनियरिंग के एक छात्र की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गए। हादसा रविवार तड़के उस समय हुआ जब तिरूर के एक इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र अपने कॉलेज से लौट रहे थे। विजुअल्स में पुलिस और अधिकारियों को एक वन क्षेत्र में पलटी हुई बस के पास बचाव कार्य करते हुए दिखाया गया है। हादसा उस समय हुआ जब दुनिया और देश के अन्य हिस्सों में नए साल का स्वागत किया जा रहा था।
केरल में पुलिस की जीप ने बाइक को टक्कर मारी, दो की मौत
केरल के अलाप्पुझा जिले में पुलिस की एक जीप ने एक मोटरसायकिल को टक्कर मार दी। हादसे में दो पहिया सवार दो लोगों की मौत हो गई। ये लोग कोट्टायम स्थित अपने घर लौट रहे थे। अलाप्पुझा उत्तर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब तीन बजे हुई जब जिला अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो में तैनात पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) को आवंटित जीप ने एक मोटरसायकिल को टक्कर मार दी जिसपर दो लोग सवार थे। वे अलाप्पुझा समुद्र तट से घर लौट रहे थे। अधिकारी ने कहा कि ऐसा माना जा रहा है कि पुलिस जीप का चालक वाहन चलाते हुए सो गया था और इसी वजह से यह हादसा हुआ।
उन्होंने कहा कि भारतीय दंड संहिता की धारा 304 ए (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें अधिकतम दो साल की सजा हो सकती है। पुलिस ने कहा कि चालक डीएसपी को घर छोड़ने के बाद लौट रहा था। अधिकारी नए साल के जश्न से संबंधित ड्यूटी पर थे। पुलिस ने कहा कि दोनों व्यक्तियों के परिवार के अनुसार, वे यह कहकर घर से निकले थे कि वे चर्च जा रहे हैं। उनमें से एक की उम्र 35 साल और दूसरे की 22 वर्ष है।