कोटा में कोचिंग कर रहे बिहार के एक छात्र ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। छात्र आईआईटी की तैयारी कर रहा था। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने कारण पता लगाने को लेकर जांच शुरू कर दी है।
इस साल कोटा में अब तक आत्महत्या करने वाले छात्रों की संख्या 12 पहुंच गई है। विज्ञान नगर थाने के एएसआई राधा किशन ने बताया कि बिहार के मोतिहारी निवासी 18 वर्षीय प्रिंस कुमार सिंह कोटा में इंदिरा कॉलोनी में एक महीने से किराए के मकान में रह रहा था।
कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। छात्र ने आत्महत्या करने से कुछ देर पहले अपने अभिभावक से फोन पर बात की थी। राधा किशन ने बताया कि कोचिंग से संबंधित छात्र की उपस्थिति और पढ़ाई में प्रदर्शन के रिकॉर्ड मांगे गए हैं। आत्महत्या के पीछे का कारण जानने के लिए छात्रावास में रहने वाले अन्य लड़कों से पूछताछ की जा रही है।