दिग्गज उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के पास जिलेटिन की छड़ें लदी स्कार्पियो कार मामले में गिरफ्तार निलंबित पुलिस अधिकारी सचिन वाजे से राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) हर दिन नए राज उलगवा रही है। शनिवार को विशेष अदालत ने मुंबई पुलिस के निलंबित अधिकारी सचिन वाजे की एनआईए हिरासत की अवधि सात अप्रैल तक बढ़ा दी।
इस मामले में 13 मार्च को गिरफ्तार किए गए वाजे को रिमांड समाप्त होने के बाद यहां विशेष एनआईए अदालत में पेश किया गया। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने छह और दिन के लिए वाजे की रिमांड की मांग की थी।
एनआईए के वकील, अतिरिक्त सॉलीसीटर जनरल अनिल सिंह ने कहा कि एजेंसी ने सीसीटीवी फुटेज के डिजिटल वीडियो रिकॉर्डिंग (डीवीआर) और लैपटॉप जैसे साक्ष्य जब्त कर लिए हैं और इनकी पड़ताल की जरूरत है। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद वाजे की हिरासत सात अप्रैल तक बढ़ा दी।
वहीं दूसरी ओर अब इस पूरे प्रकरण में एक आईपीएस की भूमिका सामने आ रही है। इसके बाद से वह आईपीएस अधिकारी एनआईए के रडार पर हैं। एंटीलिया विस्फोटक मामला और मनसुख हिरेन हत्याकांड की जांच कर रही एनआईए को इस पूरे प्रकरण में एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका की भनक लगी है। कहा जा रहा है कि खुद सचिन वाजे ने ही एनआईए की पूछताछ में उस आईपीएस अधिकारी का नाम लिया है।
हालांकि एनआईए ने अभी तक इसका खुलासा नहीं किया है कि वह कौन आईपीएस अधिकारी है। लेकिन एनआईए को इसके सुराग मिले हैं कि इस मामले में उस अधिकारी ने सचिन वाजे की मदद की है। माना जा रहा है कि एनआईए की टीम जल्द ही उससे पूछताछ कर सकती है।
सचिन वाजे की महिला मित्र से रातभर हुई पूछताछ
एनआईए ने सचिन वाजे की कथित महिला मित्र को हिरासत में लेकर लंबी पूछताछ शुरू की है। हालांकि अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है। बृहस्पतिवार की रात एनआईए की टीम मुंबई से सटे ठाणे के मीरा रोड इलाके में सेवन इलेवन कॉम्प्लेक्स में पहुंची। इस कॉम्प्लेक्स के सी विंग का फ्लैट नंबर 401 मीना जार्ज के नाम पर किराए पर लिया गया है।
यह पीयूष गर्ग का है जिसे रीयल इस्टेट एजेंट जाफर शेख के माध्यम से मीना जॉर्ज को किराए पर दिया गया था। मीना इस फ्लैट में बीते चार साल से रहती हैं। हालांकि यह फ्लैट बीते 15 दिनों तक बंद था। बताया जाता है कि एनआईए की टीम ने उस महिला से रात भर पूछताछ की और वाजे से उसके संबंधों का राज उलगवाने की कोशिश की है।
सूत्रों का कहना है कि यह महिला वाजे के कालेधन को सफेद करने में मदद करती थी। वह सचिन वाजे की बेहद करीबी थी और 16 फरवरी को दक्षिण मुंबई के ट्राईडेंट होटल में वाजे के साथ दिखाई दी थी।