जन्माष्टमी के मौके पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश के पुलिसकर्मियों को एक बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने एलान किया है कि अब यूपी के पुलिसकर्मियों को प्रत्येक 10 दिन पर एक दिन का अवकाश दिया जाएगा। सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर स्तर तक के पुलिसकर्मियों को यह अवकाश मिलेगा। सीएम के इस एलान से यूपी पुलिसकर्मियों के साथ उनके परिजनों में भी खुशी है।
हालांकि सरकार की ओर से औपचारिक रूप से अवकाश को लेकर कोई घोषणा नहीं हुई। अलबत्ता देर शाम जन्माष्टमी समारोह में शामिल होने पहुंचे राज्यपाल राम नाईक व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का स्वागत करते हुए पुलिस महानिदेशक जावीद अहमद ने इसकी जानकारी दी। डीजीपी ने कांस्टेबल से लेकर इंस्पेक्टर तक को हर 10 दिन पर एक दिन का अवकाश दिए जाने के फैसले के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज ही इस बाबत आदेश हो गए हैं और यह तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
उन्होंने कहा कि इससे पुलिसकर्मियों के साथ-साथ उनके परिजनों में भी काफी खुशी है। सरकार ने पुलिसकर्मियों की सुविधा के लिए यह फैसला किया है ताकि वे अपने परिवार के साथ वक्त बिता सकें। देर शाम प्रमुख सचिव गृह देवाशीष पंडा ने बताया कि पुलिसकर्मियों को 10 दिन पर एक अवकाश मिलेगा। मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।
पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देने की योजना दो साल पहले लखनऊ के गोमतीनगर थाने से शुरू की गई थी। हालांकि शुरुआती दौर में यह प्रयोग बहुत सफल नहीं रहा। बाद में कुछ और जिलों में कप्तानों ने अपने स्तर पर साप्ताहित अवकाश की व्यवस्था लागू की जिसका फायदा सीमित संख्या में ही पुलिसकर्मियों को मिल पा रहा था। मुख्यमंत्री के एलान के बाद अब प्रदेश भर के पुलिसकर्मियों को यह सुविधा मिलने लगेगी।