देश आज आजादी की 70वीं वर्षगांठ मना रहा है। 71वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से चौथी बार तिरंगा फहराया और देश को संबोधित करते हुए उन्होंने देशवासियों को आजादी के पावन पर्व पर शुभकामनाएं दी। पीएम ने कहा कि आजाद भारत के लिए यह एक विशेष वर्ष है, आज पूरा देश स्वतंत्रता दिवस के साथ-साथ जन्माष्टमी का पर्व मना रहा है।
मुख्यधारा में लौट रहे हैं कश्मीरी नौजवान
लाल किले की प्राचीर से कश्मीर मुद्दे पर बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि न गाली से, न गोली से बल्कि गले लगाने से कश्मीर में बदलाव होगा। बहुत से कश्मीरी नौजवान मुख्यधारा में लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस दौरान पीएम मोदी ने गोरखपुर मामले का जिक्र करते हुए दुख जाहिर किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि अस्पताल में मासूमों की मौत हो गई, ऐसे मामलों में संवेदनशील रहने की जरुरत है।
सवा लाख करोड़ से ज्यादा का कालाधन
पीएम मोदी ने कहा, नोटबंदी के बाद 3 लाख करोड़ रुपए बैंकों में आएं। नोटबंदी के बाद कालेधन को मुख्यधारा में आना पड़ा। 3 साल में सवा लाख करोड़ से ज्यादा का कालाधन पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि हम महंगाई पर नियंत्रण करने में हम सफल हुए हैं। आज देश में ईमानदारी का उत्सव मनाया जा रहा है। गुड गवर्नेंस के चलते फैसला लेने में तेजी आई है।
पीएम ने कहा कि 125 करोड़ देशवासियों में ना कोई छोटा है और ना ही कोई बड़ा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी में जन्म लिए लोगों के लिए यह वर्ष काफी खास है। ऐसे लोग 18वें साल की दहलीज पर खड़े हैं। यही लोग 21वीं सदी का निर्माण करेंगे।
तीन तलाक से पीड़ित बहनों ने खड़ा किया आंदोलन
मोदी ने कहा, भारत अपनी रक्षा के लिए सक्षम है। हम आतंकवाद और सांप्रदायवाद मुक्त भारत बनाएंगे। आज दुनिया के दूसरे देश हमें आतंकवाद की जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीन तलाक से पीड़ित बहनों ने आंदोलन खड़ा किया।
पीएम ने कहा, आज वक्त बदल गया है, दुनिया में सबसे ज्यादा युवा भारत के पास हैं। सामान्य आदमी का जीवन सरल हो रहा है। जीएसटी के बाद चेक पोस्ट खत्म होने से लोगों का वक्त बच रहा है। मोदी ने कहा, सही समय पर काम नहीं किया तो मनचाहा परिणाम नहीं मिलता है।
आस्था के नाम पर हिंसा को बढ़ावा नहीं
पीएम ने कहा, पहले नारा था भारत छोड़ो, अब नारा है भारत जोड़ो। उन्होंने कहा कि ये गांधी और बुद्ध की भूमि है, सबको साथ लेकर चलना हमारी परंपरा है। आस्था के नाम पर हिंसा को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता है।
न्यू इंडिया का नारा देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों से तंत्र बने ऐसा लोकतंत्र बनाना चाहते हैं। न्यू इंडिया पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत बदला है, बदल सकता है और बदल रहा है।
लाल किले पर ध्वजारोहण से पहले पीएम मोदी राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धा-सुमन अर्पित किया।
Delhi: Prime Minister Narendra Modi pays tributes at Rajghat #IndependenceDayIndia pic.twitter.com/cqarSUFqBT
— ANI (@ANI) August 15, 2017
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने देश को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। पीएम ने ट्वीट करते हुए लिखा- #स्वतंत्रतादिवस के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई। जय हिन्द!
#स्वतंत्रतादिवस के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई। जय हिन्द! Independence Day greetings to my fellow Indians. Jai Hind.
— Narendra Modi (@narendramodi) August 15, 2017