चुनाव आयोग (Election Commission) के सूत्रों ने कहा कि दोनों गुटों से अपने दावों के समर्थन में दस्तावेज जमा कराने के लिए कहा गया है। इसमें पार्टी की विधायी और संगठनात्मक इकाइयों से समर्थन पत्र और विरोधी गुटों के लिखित बयान भी शामिल हैं।
केंद्रीय चुनाव आयोग ने शिवसेना के उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे गुट से पार्टी के चुनाव चिह्न ‘धनुष-बाण’ पर दावों को लेकर दस्तावेज तलब किए हैं। आयोग ने इसके लिए दोनों गुटों को 8 अगस्त का समय दिया है। दोनों गुटों के जवाब मिलने के बाद आयोग उनके दावों पर सुनवाई करेगा।
विज्ञापन
आयोग के सूत्रों ने कहा कि दोनों गुटों से अपने दावों के समर्थन में दस्तावेज जमा कराने के लिए कहा गया है। इसमें पार्टी की विधायी और संगठनात्मक इकाइयों से समर्थन पत्र और विरोधी गुटों के लिखित बयान भी शामिल हैं।
इस हफ्ते की शुरुआत में शिवसेना के शिंदे गुट ने चुनाव आयोग को खत लिखकर पार्टी के चुनाव चिह्न 'धनुष-बाण' उसे आवंटित करने का आग्रह किया था। इसके लिए उसने लोकसभा और महाराष्ट्र विधानसभा में अपने गुट को मिली मान्यता को हवाला दिया था। पिछले महीने शिवसेना दो गुटों में बंट गई थी।
विज्ञापन
लोकसभा के 12 सांसद भी शिंदे गुट के साथ : पिछले मंगलवार को लोकसभा में शिवसेना के 18 में से 12 सांसदों ने सदन के नेता विनायक राउत के खिलाफ अविश्वास जताया और राहुल शेवाले को अपना नेता घोषित कर दिया। लोकसभा अध्यक्ष ने उसी दिन शेवाले को शिवसेना के नेता के तौर पर मान्यता भी दे दी।
यह सुनिश्चित करने के लिए कि कोई भी गुट सूचना से अनजान न रहे, चुनाव आयोग ने पिछले दो दिनों में दोनों गुटों द्वारा सौंपे गए दस्तावेजों के आदान-प्रदान के निर्देश दिए हैं। आयोग के एक पूर्व अधिकारी ने कहा कि यह प्रारंभिक चरण है और इस मसले पर बाद में सुनवाई हो सकती है।