दिल्ली सहित पूरे देश में शुक्रवार को विजयदशमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। जगह-जगह रावण रूपी पुतले का दहन हुआ। राष्ट्रीय राजधानी में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालकिले पर रावण का दहन किया। इससे पहले राष्ट्रपति ने देशवासियों को संबोधित करते हुए देश को पर्यावरण और स्वच्छता की सीख दी।
उन्होंने कहा कि अनैतिक कारणों से ही रावण का दहन होता है। उन्होंने ये भी कहा कि मानवीय मूल्यों की उत्कृष्टता का प्रतीक है विजयदशमी। भगवान राम के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं।
राष्ट्रपति ने कहा हमें वायु और ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित कर स्वच्छता बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसमूह और प्रकृति के सामंजस्य के साथ प्रभु राम ने लंकापति रावण पर विजय प्राप्त की थी। हम सब रावण के पुतले के साथ अहंकार, आतंकवाद और अन्य बुराइयों का दहन करें। दिल्ली में लव-कुश रामलीला के इस आयोजन में कई जाने माने लोग शामिल हुए।