संबित पात्रा ने जम्मू कश्मीर के तीन फोटो पत्रकारों को बधाई देने पर राहुल गांधी को एंटी नेशनल कहा है
- फोटो : Twitter
जम्मू कश्मीर के तीन फोटो पत्रकारों को पुलित्जर पुरस्कार जीतने पर राहुल गांधी की तरफ से बधाई दिए जाने पर भाजपा हमलावर हो गई है। पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल गांधी को इसके लिए एंटी नेशनल तक कह दिया।
फोटो पत्रकारों को बधाई देने को लेकर भाजपा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पूछा है कि क्या कांग्रेस कश्मीर को भारत का अभिन्न हिस्सा मानती है? भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने फोटो पत्रकारों को बधाई संदेश वाले ट्वीट को लेकर, कांग्रेस पर हमला करते हुए आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने ऐसे लोगों को बधाई दी जो कश्मीर को विवादित क्षेत्र मानते हैं ।
उन्होंने कहा, ‘‘क्या सोनिया गांधी जवाब देंगी? क्या वे और कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी से सहमत हैं।’’ पात्रा ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि आज राहुल गांधी ने उन लोगों को बधाई दी है, जिन्हें कश्मीर को विवादित क्षेत्र मानने पर पुरस्कार मिला है।" पात्रा ने एंटी नेशनल राहुल गांधी के हैशटैग के साथ अपना संदेश पोस्ट किया ।
दरअसल यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब राहुल गांधी ने अपने एक ट्वीट में कहा, "जम्मू और कश्मीर से जुड़े जीवन की तस्वीरों के लिए पुलित्जर पुरस्कार जीतने के लिए भारतीय फोटो जर्नलिस्ट डार यासीन, मुख्तार खान और चन्नी आनंद को बधाई।" राहुल ने इस ट्वीट में आगे लिखा, "आपने हम सभी को गौरवान्वित किया हैं।' इसके बाद से भाजपा लगातार राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमला कर रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने एक पुरस्कार विजेता फोटोग्राफर की तरफ से लिए गए एक चित्र को भी पोस्ट किया है, जहां उन्होंने राहुल गांधी से पूछा किया क्या वे इसकी विषय वस्तु से सहमत हैं।