पीएम मोदी के साथ ओमान के विदेश मंत्री
- फोटो : PIB
एक दिवसीय भारत यात्रा पर आए ओमान के विदेश मंत्री और सुल्तान युसुफ बिन अलवी बिन अब्दुल्ला ने सोमवार को उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से अलग-अलग मुलाकात की। इन मुलाकातों के दौरान ओमान के विदेश मंत्री ने दोनों देशों के द्विपक्षीय रिश्तों में और मजबूती लाने पर बल दिया। खासतौर से पीएम मोदी और विदेश मंत्री युसुफ के बीच हुई मुलाकात के दौरान आतंकवाद के मुद्दे पर गंभीर चर्चा हुई। ओमान ने आतंकवाद पर भारत के रुख का समर्थन किया।
ओमान के विदेश मंत्री सबसे पहले सुषमा स्वराज से मिले। करीब आधे घंटे की इस मुलाकात के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने सहित विभिन्न मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई। इसके बाद ओमान के विदेश मंत्री ने पीएम मोदी से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय के मुताबिक इस मुलाकात के दौरान क्षेत्रीय, अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों, आतंकवाद और द्विपक्षीय रिश्तों पर बात हुई।