केरला के खेल मंत्री फिर फंसे विवादों में
केरला के खेल मंत्री ईपी जयराजन के खिलाफ जानी मानी ओलंपिक खिलाड़ी और अर्जुन पुरस्कार विजेता अंजू बॉबी जॉर्ज ने कथित तौर पर 'भ्रष्टाचार' के आरोप लगाकर अपमानित करने का आरोप लगाया है। अंजू के इन आरोपों के बाद जयराजन एक बार फिर से विवादों में घिर गए हैं। यह वही मंत्री हैं जिन्होंने दुनिया के जाने माने पूर्व मुक्केबाज मोहम्मद अली की मृत्यु पर उन्हें केरला का खिलाड़ी बता दिया था।
केरला खेल परिषद् की अध्यक्ष अंजू बॉबी जॉर्ज ने इस बाबत केरला के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन से भी शिकायत की है। पत्रकारों से बातचीत में अंजू ने बताया कि नई सरकार बनने के बाद वे 7 जून को परिषद् के उपाध्यक्ष के साथ केरला ने खेल मंत्री से पहली बार मुलाकात करने गईं थी। उन्होंने बताया, 'मुझे लगा कि हमले केरला में खेल के स्तर में विकास के बारे में सवाल किये जाएंगे।' लेकिन मंत्री ने अपनी पहली ही मुलाकात में कहा, 'आप सभी सदस्यों का चुनाव पिछली सरकार ने किया है। इसलिए आप सभी दूसरी पार्टी के सदस्य हैं।... आप सभी लोग जितनी भी नियुक्तियां और ट्रांसफर कर रहे हैं वह सभी गैर कानूनी हैं।'
अंजू ने बताया कि मंत्री ने उनके हवाई खर्च के पर भी सवाल उठाए। उनके मुताबिक वह अक्सर बेंगलूरू स्थित अपने आवास से तिरुवनंतपुरम में आयोजित होने वाली परिषद की बैठक में शामिल होने के लिए हवाई यात्रा किया करती हैं लेकिन मंत्री ने उस पर आपत्ति जताई। जॉर्ज के मुताबिक मंत्री ने उनकी इस यात्रा को पूरी तरह से नियमों के खिलाफ बताया और इस पर रोक लगाने की भी बात कही।