अधिकारी ने कहा कि पिछले कई साल से महिला को यह तक नहीं पता था कि उसके बेटे कहां रहते हैं। पिछले सप्ताह सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप वायरल हुई जिसमें उसने कहा कि उसका एक बेटा सतीश पवार पुलिस में उपनिरीक्षक है और दूसरा बेटा महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम में कार्यरत है।
नासिक के पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने भी इस वीडियो क्लिप को देखा और अधिकारियों से पुलिस विभाग में महिला के बेटे का पता लगाने को कहा। पुलिस को अपने विभाग में महिला का बेटा नहीं मिला, लेकिन बाद में उसने पता लगाया कि वह यहां के बिक्री कर कार्यालय में जीएसटी विभाग में है।
सतीश पवार और उसकी मां को मंगलवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय में बुलाया गया जहां दोनों को आपसी गलतफहमी दूर करने की सलाह दी गई। पुलिस आयुक्त ने संवाददाताओं को बताया कि इसके बाद मां-बेटे ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और फिर बेटा अपनी मां को अपने घर ले गया।