ओडिशा के कोरापुट में लापरवाही के चलते एक यूट्यूबर दुदुमा झरने में बह गया है। ये घटना उस वक्त हुई, जब युवक झरने के पास वीडियो बना रहा था, इसी दौरान तेज पानी के बहाव में वो बह गया। फिलहाल युवक की तलाश में पुलिस और रेस्क्यू टीमें जुटी हैं।
ओडिशा के कोरापुट में एक 22 साल का यूट्यूबर दुदुमा झरने में बह गया। जानकारी के मुताबिक, यूट्यूबर सागर टुडु, जो गंजाम जिले के बेरहामपुर के रहने वाले था। वो अपने दोस्त अभिजीत बेहेरा के साथ कोरापुट घूमने आया थे और अलग-अलग पर्यटन स्थलों के वीडियो बनाकर अपने यूट्यूब चैनल पर डाल रहा था।
विज्ञापन
वायरल वीडियो में पूरी घटना कैद
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, शनिवार दोपहर सागर झरने के पास एक चट्टान पर खड़े होकर ड्रोन कैमरे से रील रिकॉर्ड कर रहे थे। तभी मचाकुंडा डैम से पानी छोड़ा गया, क्योंकि इलाके में भारी बारिश हुई थी। पानी छोड़े जाने से झरने में अचानक जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव शुरू हो गया।
युवक की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
इस दौरान यूट्यूबर सागर जिस चट्टान पर खड़े थे, वह पानी से घिर गई। कुछ देर तक उन्होंने संतुलन बनाने की कोशिश की लेकिन तेज बहाव में बह गए। वहां मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने बचाने की कोशिश की, पर सफल नहीं हो पाए। सूचना मिलते ही मचाकुंडा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है।
विज्ञापन
भद्रक में डरा रहा बैतरणी नदी का जलस्तर
वहीं भद्रक जिले में अखुआपाड़ा के पास बैतरणी नदी का जलस्तर खतरे के निशाना से ऊपर की ओर बढ़ रहा है। नदी का वर्तमान स्तर 18.12 मीटर है, जो चेतावनी स्तर 17.83 मीटर से अधिक है और जल्द ही इसके 18.33 मीटर को छूने का अनुमान है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण इस वृद्धि का सीधा प्रभाव निचले इलाकों में पड़ रहा है। इस खतरे को भांपते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर तैयारियां तेज कर दी हैं, जबकि विशेष रूप से धामनगर, चंदाबली और भंडारीपोखरी जैसे क्षेत्रों में फसल और बस्तियों को संभावित जोखिम के दृष्टिगत सुरक्षा उपाय अपनाए जा रहे हैं।