ओडिशा के कटक में दो गुटों में हिंसा
- फोटो : एक्स@ANI
स्थिति फिलहाल नियंत्रण में- पुलिस महानिदेशक योगेश बहादुर
ओडिशा के पुलिस महानिदेशक योगेश बहादुर खुरानिया ने बताया कि कट्टाक की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और पुलिस इसे बारीकी से मॉनिटर कर रही है। हिंसा में शामिल सभी असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कट्टाक के सभी निवासियों से कहा है कि वे किसी अफवाह पर भरोसा न करें और पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट, कमिश्नरेट की वेबसाइट और ट्विटर हैंडल पर दी गई सही जानकारी ही देखें।
पुलिस कमिश्नर ने क्या कहा?
भुवनेश्वर-कट्टाक के पुलिस कमिश्नर डॉ. सुरेश देबदत्त सिंह ने बताया कि आज कट्टाक में एक संगठन ने बाइक रैली करने की अनुमति मांगी थी, जिसे पुलिस ने खारिज कर दिया। इसके बाद पुलिस और रैली करने वालों के बीच झड़प हुई। पुलिस ने बताया कि रैली को रास्ते से गुजरने से रोकने पर पत्थरबाजी की गई, जिसमें आठ पुलिसकर्मी घायल हुए। इन लोगों को जबरदस्ती खदेड़ा गया।
सिंह ने अफवाहों को भी गलत बताया कि पत्थरबाजी की घटना में घायल चार लोगों में से कोई मृत्यु हुई है। उन्होंने कहा कि चारों घायलों को मामूली चोटें आई थीं, जिनमें से तीन को उसी दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और एक का इलाज जारी है। शांति बनाए रखने के लिए इलाके में कर्फ्यू लगाया जाएगा। सुरक्षा बलों ने तनाव को देखते हुए फ्लैग मार्च भी किया है ताकि स्थिति नियंत्रित रह सके।
अग्निशमन अधिकारी संजिव कुमार ने क्या कहा?
वहीं मामले में सहायक अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार बेहरा ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि गौरीशंकर पार्क के पास दंगाइयों ने 8-10 जगहों पर आग लगा दी है। हमने आग बुझा दी है। दंगाई हम पर पथराव कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस तैनात की गई है।
अब तक छह लोगों की गिरफ्तारी
कटक के एडिशनल पुलिस कमिश्नर नरसिंह भोलो ने बताया कि 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और स्थिति अब नियंत्रण में है। शहर में अलर्ट जारी कर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस छतों पर भी नजर बनाए हुए है ताकि कोई नई घटना न हो।
स्थिति को देखते हुए ओडिशा सरकार ने 5 अक्टूबर की सुबह से अगले 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद करने का आदेश दिया। ये प्रतिबंध कटक म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन, कटक डेवलपमेंट अथॉरिटी और 42 मौजा इलाके में लागू है। जिलाधिकारी (डीएम) ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए भड़काऊ और अफवाह फैलाने वाले मैसेज वायरल हो रहे थे, जिससे तनाव और बढ़ सकता था। इसी कारण इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से रोकी गई है।
ये भी पढ़ें:- भूटान से आई चेतावनी: खाली कराएं डूअर्स का हिस्सा; टाला बांध के ऊपर से बह रहा पानी, टूटने का खतरा मंडराया
सीएम और पूर्व सीएम ने की शांति बनाए रखने की अपील
वहीं मामले में बढ़ते तनाव को देखते ओडिशा हुए पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने कट्टक शहर में दो गुटों के बीच बढ़ते तनाव और हिंसक घटनाओं पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने लोगों से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
मामले में बीजेडी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पटनायक ने कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर चिंता व्यक्त की है और उम्मीद जताई है कि सभी पक्ष संयम बरतेंगे और हालात को और बिगड़ने नहीं देंगे। पटनायक ने कहा कि ओडिशा की परंपरा हमेशा से भाईचारे की रही है और सभी को मिलकर इस परंपरा को आगे बढ़ाना चाहिए।