भारत ने मंगलवार को स्वदेश निर्मित और लंबी दूरी की सब-सोनिक क्रूज मिसाइल ‘निर्भय’ का परीक्षण किया। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा विकसित की गई इस मिसाइल का यह पांचवां प्रायोगिक परीक्षण है।
डीआरडीओ के सूत्रों ने बताया कि अत्याधुनिक क्रूज मिसाइल को यहां चांदीपुर में एकीकृत परीक्षण रेंज (आईटीआर) के लॉन्च कॉम्प्लैक्स-3 से सुबह करीब 11 बज कर 20 मिनट पर छोड़ा गया। रक्षा वैज्ञानिक इस बार बिना किसी गड़बड़ी के परीक्षण के सफल होने की उम्मीद कर रहे हैं।
पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के वो किस्से, जो कुछ ही लोग जानते हैं
डीआरडीओ के एक वैज्ञानिक ने प्रक्षेपण के तुरंत बाद कहा कि परीक्षण की सभी शुरुआती प्रक्रिया सफल रही है। हालांकि विस्तृत आकलन के लिए ट्रैकिंग प्रणाली से डेटा हासिल किया जा रहा है। बता दें कि मिसाइल के पहले किए गए परीक्षणों में केवल 2013 में किया गया परीक्षण ही पूरी तरह सफल रहा था।
मिसाइल की खूबियां
- 200 से 300 किलोग्राम तक वजन वाले आयुध ले जाने में सक्षम
- 1000 किलोमीटर तक के दायरे में दुश्मन ठिकानों को कर सकती है तबाह
- टू स्टेज इस मिसाइल की लंबाई छह मीटर, चौड़ाई 0.52 मीटर है
- 2.7 मीटर तक फैलते हैं मिसाइल के पंख