ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रविवार को 'सुभद्रा योजना' के तहत 20 लाख महिलाओं को धन वितरण की शुरुआत की। यह धन वितरण का तीसरा चरण था। अब तक 80 लाख महिलाओं को योजना की पहली किस्त के रूप में 5,000 रुपये मिल चुके हैं। राज्य की इस वित्तीय योजना का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 सितंबर को अनावरण किया था।
इस योजना के तहत, 21 से 60 वर्ष की पात्र महिलाओं को 2028-29 तक पांच वर्षों में 50,000 रुपये मिलेंगे। उन्हें सालाना 10,000 रुपये दो समान किस्तों में मिलेंगे, जो सीधे उनके बैंक खातों में जमा किए जाएंगे।
सुंदरगढ़ में एक समारोह से लॉन्च किया तीसरा चरण
सीएम माझी ने सुंदरगढ़ जिले में आयोजित एक समारोह के दौरान तीसरे चरण का वितरण शुरू किया। इस मौके पर केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओराम, डिप्टी सीएम प्रावती परिदा और पंचायती राज मंत्री रबी नारायण नाइक समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
मोबाइल फोन की बीप बजते ही महिलाओं ने बजाईं तालियां
इस वितरण की शुरुआत करते हुए, मुख्यमंत्री माझी ने समारोह में मौजूद महिलाओं से कहा कि वे अपने मोबाइल फोन की जांच करें, ताकि उन्हें अपने बैंक खाते में पैसे जमा होने की सूचना मिल सके। जैसे ही मोबाइल फोन की बीप हुई, महिलाओं ने उत्साह से तालियां बजाईं।
दिसंबर के अंत तक पूरा होगा पहली किस्त का अंतिम चरण
डिप्टी सीएम प्रावती परिदा ने कहा कि पहली किस्त का चौथा और अंतिम चरण दिसंबर के अंत तक पूरा हो जाएगा, इसमें एक करोड़ से अधिक महिलाएं शामिल होंगी। फिलहाल भौतिक सत्यापन और आवेदनों में विसंगतियों को दूर किया जा रहा है। जिन महिलाओं को अभी तक पैसा नहीं मिला है, उन्हें दिसंबर के आखिरी तक मिल जाएगा।
288 परियोजनाओं की रखी नींव, 692 का उद्घाटन किया
इसके अलावा, मुख्यमंत्री माझी ने अपनी सुंदरगढ़ यात्रा के दौरान 212 करोड़ रुपये से अधिक की 288 परियोजनाओं की नींव रखी। साथ ही 808 करोड़ रुपये की लागत से विकसित 692 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सुंदरगढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और उन्होंने जिले के विभिन्न पर्यटक स्थलों के विकास पर जोर दिया।
सीएम ने पूर्ववर्ती बीजद सरकार पर साधा निशाना
सीएम माझी ने पूर्ववर्ती बीजद सरकार पर आरोप लगाया कि उसने महिलाओं का सशक्तिकरण के नाम पर सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजद सरकार ब्याज मुक्त ऋण दे रही थी और हमारी सरकार महिलाओं को प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता दे रही है। समारोह से इतर मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से भी बात की। उन्होंने कहा कि सुंदरगढ़ को प्रस्तावित उत्तर ओडिशा विकास परिषद (एनओडीसी) में शामिल किया जाएगा, जैसा कि चुनाव से पहले भाजपा ने वादा किया था।