मनोहर हवाईअड्डा ई-वीजा धारकों के लिए अधिकृत आव्रजन चेक पोस्ट बना
गोवा में मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (एमआईए) में ई-वीजा धारकों के लिए आव्रजन चेक पोस्ट के रूप में अधिकृत हो गया है। हवाईअड्डे के एक प्रवक्ता ने कहा कि एमआईए में 21 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू हुई थीं।
इसका संचालन जीएमआर एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर लि. की सहायक कंपनी जीएमआर गोवा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लि. (जीजीआईएएल) करती है। अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए सहज और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए एमआईए ने ई-वीजा रखने वाले व्यक्तियों के प्रवेश के लिए एक अधिकृत आईसीपी की उपलब्धि हासिल कर ली है।
बंगाल में पत्नी की हत्या कर पुलिस स्टेशन पहुंचा डॉक्टर, किया सरेंडर
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बागदा निवासी डॉक्टर अरिंदम बाला (28) ने पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने सरेंडर कर दिया। वह हेलेंचा पंचायत के मांडवाघाटा गांव का रहने वाला है और पीजी में एमडी की पढ़ाई कर रहा है। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन कंपनी से धोखाधड़ी पर 4बी नेटवर्क पर एफआईआर दर्ज
एक विज्ञापन फर्म से 10 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के आरोप में मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने 4बी नेटवर्क प्रा. लि. कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों राहुल यादव और संजय सैनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, राजस्थान स्थित इंटरस्पेस कम्युनिकेशन प्रा. लि. के निदेशक विकास ओम प्रकाश नोवल की शिकायत पर केस किया गया है।
भूख हड़ताल के बाद स्टालिन बोले-नीट से छूट मिलने तक चुप नहीं बैठेंगे
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुख मुनेत्र कडगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एमके स्टालिन ने रविवार को कहा कि तमिलनाडु को नेशनल एंट्रेंस-कम-एलिजिबिलिटी टेस्ट (नीट) से छूट दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह बात ऐसे समय पर कही है जबकि उनकी पार्टी की तरफ से नीट को रद्द करने की मांग को लेकर एक दिन की भूख हड़ताल की गई। स्टालिन ने कहा कि जब तक नीट से छूट नहीं मिलेगी, उनकी पार्टी चुप नहीं बैठेगी।
नड्डा के खिलाफ दर्ज मामले में आपराधिक कार्यवाही रद्द
विजयपुरा जिले में मई में विधानसभा चुनावों के दौरान एक भाषण के संबंध में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के खिलाफ दर्ज एक मामले में आपराधिक कार्यवाही को रद्द करते हुए कर्नाटक हाईकोर्ट ने इसे बेतुके आरोपों पर लापरवाही से दर्ज किया हुआ बताया। हरपनहल्ली थाने में एक चुनाव अधिकारी ने नड्डा के खिलाफ नौ मई को धारा 171 एफ के तहत एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस धारा के तहत मामला गैर संज्ञेय अपराध का है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि नड्डा ने एक जनसभा में मतदाताओं को यह कहते हुए चेतावनी दी थी कि यदि भाजपा को वोट नहीं दिया गया तो वे केंद्रीय योजनाओं का लाभ खो देंगे। नड्डा ने मामले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
फर्जी पत्र लिखने में कर्नाटक सरकार के दो अफसर गिरफ्तार
बंगलूरू कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत को लिखे 'फर्जी पत्र' के सिलसिले में सीआईडी ने मांडया जिले के दो कृषि अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। पत्र में राज्यपाल से शिकायत की गई थी कि राज्य के कृषि मंत्री एन चालुवरायस्वामी ने रिश्वत मांगी।
सीआईडी के एक शीर्ष अधिकारी के अनुसार, जुलाई में राजभवन को कथित पत्र मिला था, जिसमें शिकायत की गई थी कि मंत्री कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर संयुक्त कृषि निदेशक के माध्यम से 6 लाख रुपये से लेकर 8 लाख रुपये तक रिश्वत देने का दबाव बना रहे हैं। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने जांच के लिए मामला सीआईडी को सौंपा था।।
असम: छह ऑस्ट्रेलियाई काले तोतों को तस्करों से बचाया
असम के कछार में छह ऑस्ट्रेलियाई काले तोतों को बचाया गया है। इन तोतों को असम-मिजोरम सीमा के पास तस्करों के पास से जब्त किया गया। पुलिस ने कहा कि रविवार सुबह कुछ तस्कर इन तोतों को तस्करी के लिए ले जा रहे थे, लेकिन स्थानीय लोगों को देखकर वे पक्षियों को छोड़कर भाग गए। इसके बाद पुलिस सभी तोतों को थाने ले आई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत तकरीबन एक करोड़ 20 लाख रुपये बताई गई है।
सीबीआई ने जेपीसी के पूर्व अधिकारी को अधिकतम सजा देने की मांग की
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने छत्तीसगढ़ में कोयला ब्लॉक आवंटन में गड़बड़ी से जुड़े मामले में दोषी दए गए इस्पात मंत्रालय के पूर्व अधिकारी को सात साल के कारावास की सजा की मांग की है। सीबीआई ने शनिवार को विशेष न्यायाधीश अरुण भारद्वाज से इस्पात मंत्रालय के संयुक्त संयंत्र समिति (जेपीसी) के पूर्व कार्यकारी सचिव गौतम कुमार बसाक को अधिकतम 7 साल की सजा देने का अनुरोध किया। कहा कि दोषी के प्रति किसी तरह की नरमी न दिखाई जाए। अदालत इस मामले में मंगलवार को सजा सुनाएगी।