पुरुष हाकी विश्व कप के आयोजन में अब जब चार महीने से भी कम का समय बचा है तब ओडिशा सरकार ने प्रशंसकों को इस खेल के नजदीक लाने के लिए राष्ट्रव्यापी प्रचार अभियान शुरू किया।
ओडिशा सरकार हाकी के समर्थन के लिए प्रत्येक भारतीय को प्रेरित करने का प्रयास करेगी। विश्व कप का आयोजन 28 नवंबर से 16 दिसंबर तक कलिंगा स्टेडियम में किया जाएगा।
हाकी विश्व कप के प्रचार अभियान की शुरुआत ‘हर्टबीट्स फॉर हाकी’ से होगी जिसके तहत संगीत, मनोरंजन, खेल और पैनल चर्चा के जरिये भारतीय दर्शकों को खेल के समर्थन में लाने का प्रयास किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता के ‘कम्यूनिकेशन एवं स्ट्रैटेजी कंसल्टेंट’ के रूप में ओडिशा सरकार के साथ काम करने वाली और इस अभियान को तैयार करने वाली नुपुर महाजन ने कहा, ‘‘हम भारत से कह रहे हैं कि वे अपना दिल हाकी को दें। और इसके लिए हम पूरे देश के हाकी की दीवानगी वाली जगह जाएंगे और लोगों से विशेष तौर पर डिजाइन हाकी स्टिक में रिकार्डिंग के जरिये अपनी दिल की धड़कन को अमर करने के लिए कहेंगे।’’
जैसे ही कोई इस विशेष तौर पर तैयार हाकी स्टिक ‘हर्ट बीट’ को पकड़ेगा तो हाकी के समर्थन की शपथ के तौर पर उसके दिल की धड़कन रिकार्ड हो जाएगी। अगले कुछ महीनों में हर्ट बीट पूरे देश का दौरा करेगी।