Odisha Chief Minister Naveen Patnaik
- फोटो : पीटीआई
ओडिशा में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मद्देनजर राज्य सरकार ने मंगलवार को शादी समारोह में भाग लेने वाले लोगों की संख्या तय कर दी है। इसके तहत केवल 200 लोगों को शादी समारोह में शिरकत करने की अनुमति दी गई है। इन 200 लोगों में दूल्हा, दुल्हन, पुजारी, दोस्त, रिश्तेदार, बैंड पार्टी के सदस्य, लाइट और साउंड सिस्टम वाले लोग शामिल हैं। वहीं इस दौरान मास्क पहनने के साथ-साथ शारीरिक दूरी बनाए रखने और सैनिटाइजर का उपयोग करने जैसी सावधानियां भी बरतनी होंगी।
कोविड-19 के 225 नए मामले सामने आए
ओडिशा में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 225 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,32,331 हो गई है। जबकि दो और लोगों की मौत के साथ ही राज्य में मरने वालों का आंकड़ा 1894 पर पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी ।
अधिकारी ने बताया कि नए मामलों में से 131 विभिन्न पृथक-वास केंद्रों से आए हैं, जबकि संपर्क में आए लोगों की पड़ताल के दौरान 94 मरीजों का पता चला है। उन्होंने बताया कि गंजम एवं खुर्दा जिलों में एक-एक मरीज की मौत हो गई, जिससे मरने वालों की संख्या प्रदेश में 1894 हो गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2,113 मरीज उपचाराधीन हैं, जबकि 3,28,271 मरीज अब तक संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।