ओडिशा में कंधमाल जिले के घने जंगल में माओवादियों एवं सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई है। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि गोछादा थानाक्षेत्र में रायगढ़ गांव के समीप सोमवार रात को दोनों पक्षों में मुठभेड़ छिड़ गई लेकिन दोनों ही तरफ कोई हताहत नहीं हुआ।
पुलिस अधीक्षक विनीत अग्रवाल ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर कंधमाल के विशेष अभियान समूह और जिला स्वैच्छिक बल के संयुक्त दल ने अभियान शुरू किया।
अग्रवाल ने बताया कि जब माओवादियों ने सुरक्षाकर्मियों को देखा तो वे उन पर गोलियां चलाने लगे, उसके बाद संयुक्त दल ने भी जवाबी कार्रवाई की। सुरक्षाकर्मियों ने उनसे आत्मसमर्पण करने को कहा था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि माओवादी अपनी चीजें वहीं छोड़कर भाग गये। मुठभेड़ स्थल से 12 वोल्ट की बैटरी, तार, अनाज आदि चीजें मिली हैं।